Headlines

धार में वाहन से कट मारने के विवाद में चाकू चले, गाली-गलौज और धमकी

रघुनाथपुरा चौराहे पर भिड़े दो पक्ष, कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया मामला

धार। सड़क पर वाहन से कट लगने की एक मामूली बात धार में हिंसक झड़प और चाकूबाजी में तब्दील हो गई। रघुनाथपुरा चौराहे पर दिनदहाड़े शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते गाली-गलौज, जानलेवा हमले और दोनों पक्षों की ओर से मारपीट तक जा पहुँचा। घटना के दो दिन बाद दोनों पक्ष कोतवाली थाने पहुँचे, जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रास केस दर्ज कर लिया है।

घटना धार के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रघुनाथपुरा इलाके में 22 अक्टूबर की दोपहर करीब 1:00 से 1:30 बजे के बीच हुई। पहले पक्ष के फरियादी चिटनीश चौक, नालछा दरवाजा निवासी गौतम तोमर (27) ने आरोप लगाया कि रघुनाथपुरा निवासी अक्षय जैन ने अपनी मोटरसाइकिल से उन्हें कट मारा। जब गौतम ने इस पर आपत्ति जताई, तो आरोपी ने गाड़ी रोककर अभद्र गालियाँ दीं और चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में गौतम के सिर के सामने भौंह, कान और बाएँ हाथ की भुजा पर चोटें आईं तथा आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।

वहीं, दूसरी ओर से रघुनाथपुरा निवासी अक्षय जैन (30) ने भी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। अक्षय के अनुसार, उनके घर के पास रघुनाथपुरा में नन्नू बैरागी, गौतम तोमर और उनके अन्य साथियों ने उनके साथ गाली-गलौज की, मारपीट कर चोट पहुँचाई और जान से मारने की धमकी दी।

कोतवाली पुलिस ने फरियादियों के थाने पहुँचने पर 24 अक्टूबर को दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने गौतम तोमर की रिपोर्ट पर अक्षय जैन के विरुद्ध बीएनएस की धारा 296(ए), 115(2) और 351(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है, जबकि अक्षय जैन की शिकायत पर नन्नू बैरागी, गौतम तोमर और अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत मामला कायम किया है। कोतवाली पुलिस अब दोनों पक्षों की शिकायतों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है, जिसके बाद आगामी कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *