धार। महेश्वर रोड निवासी 33 वर्षीय विवाहिता सपना मालवीय की जहर पीने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। उसे धामनोद के शासकीय अस्पताल से इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया था। मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर मारपीट और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। मृतका की पहचान सपना पति जितेंद्र मालवीय के रूप में हुई है। उसके दो बेटे हैं, बड़ा बेटा श्रेष्ठ 10 साल का और छोटा बेटा सुखमीत है। सपना का मायका खरगोन जिले के रायबिडपुरा में है। करीब एक महीने पहले भी जितेंद्र ने सपना के साथ मारपीट की थी।
इलाज के दौरान हुई मौत
सोमवार सुबह जहर पीने के बाद सपना को 6:55 बजे धामनोद के शासकीय अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे इंदौर रेफर कर दिया गया। एमवाय अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इंदौर के एमवाय अस्पताल में पोस्टमार्टम होने के बाद शाम को सपना का शव धामनोद के शासकीय स्वास्थ्य केंद्र के पोस्टमार्टम रूम में रखा गया था।
मायके पक्ष का आरोप है कि उन्हें सपना की मौत की सूचना सोमवार दोपहर 2 बजे दी गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि रातभर ससुराल वालों ने उन्हें घर पर नहीं आने दिया और शव भी नहीं देखने दिया। इस दौरान उन्होंने थाने में भी गुहार लगाई। सुबह धामनोद के शासकीय अस्पताल में मायके पक्ष ने सपना का शव देखा। परिजनों का कहना है कि उसके शरीर पर चोट के निशान थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सपना के साथ पहले मारपीट की गई, फिर उसकी हत्या कर जहर पिलाया गया। मृतका की मां गायत्री मालवीय ने बताया कि बेटी के साथ मारपीट के फोटो और वीडियो उनके पास पहले से मौजूद हैं।
पुलिस की मौजूदगी में सौंपा शव
सुबह 10 बजे तक ससुराल पक्ष के लोग अस्पताल नहीं पहुंचे थे। पुलिस द्वारा फोन किए जाने के बाद वे अस्पताल पहुंचे। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में दाह संस्कार के लिए सपना का शव उसके पति जितेंद्र को सौंप दिया गया। धामनोद थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव ने मृतका के मायके वालों से बातचीत की और पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने का आश्वासन दिया। फिलहाल पुलिस को एमवाय अस्पताल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
