Headlines

खेत की झाड़ियों में चल रही जुए की फड़ से 10 गिरफ्तार, 72 हजार नगद और 7 बाइकें जप्त

नाल काटने वाले 8 आरोपी फरार

धार। जिले के बालीपुर-भग्यापुर मार्ग पर जंगल और खेतों की आड़ में चल रहे अवैध जुए के बड़े अड्डे को मनावर पुलिस ने ध्वस्त कर दिया है। झाड़ियों के पीछे छिपकर ताश के पत्तों पर हजारों रुपये की बाजी लगाई जा रही थी, जिसे पुलिस टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर रंगे हाथों पकड़ा। मौके से 10 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि जुआ खिलवाने और नाल काटने वाले 8 मुख्य आरोपी खुले मैदान का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।

​यह संयुक्त कार्रवाई मंगलवार, 27 अक्टूबर को थाना मनावर और सिंघाना चौकी पुलिस द्वारा बालीपुर क्षेत्र के जंगल व खेत में अंजाम दी गई। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर और एसडीओपी प्रदीप वाल्टर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेश यादव के नेतृत्व वाली टीम ने मुखबिर की सूचना पर यह दबिश दी। पुलिस ने मौके से ताश खेल रहे 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर फड़ से 72,060 नगद, 52 ताश के पत्ते और 7 मोटरसाइकिलें जप्त कीं।

​गिरफ्तार आरोपियों की सूची:

  • ​धर्मेन्द्र (37 वर्ष), निवासी बालीपुर
  • ​कपिल पाटीदार (44 वर्ष), निवासी बालीपुर
  • ​सुनील मानकर (36 वर्ष), निवासी बालीपुर
  • ​संजय भिलाला (32 वर्ष), निवासी अवल्दामान
  • ​संतोष भिलाला (35 वर्ष), निवासी अवल्दामान
  • ​संजय पाटीदार (35 वर्ष), निवासी बालीपुर
  • ​हुकुम भिलाला (35 वर्ष), निवासी सनमोड़
  • ​दिलीप सिर्वी (40 वर्ष), निवासी बालीपुर
  • ​जगदीश सिर्वी (59 वर्ष), निवासी बालीपुर
  • ​दीपक बलाई (35 वर्ष), निवासी रणगांव (जिला बड़वानी)

​फरार 8 आरोपियों की तलाश तेज

दबिश के दौरान नाल काटने वाले अजय मालवीय, महेन्द्र मालवीय, गजराज पाटीदार, संतोष चोयल, विजय देवड़ा (सभी निवासी बालीपुर), मालसिंह रावत (निवासी टेमरनी), गौरव पाटीदार (निवासी अण्बाड़ा, कुक्षी) और कालू भिलाला (निवासी सनमोड़) भाग निकले। पुलिस टीम इनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

​पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पकड़े गए और फरार आरोपियों में से कुछ व्यक्तियों पर पहले भी जुआ और सट्टा से जुड़े मामलों में प्रकरण दर्ज हो चुके हैं। जिले में संगठित जुए के नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस अब फरार आरोपियों की पुरानी गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है। धार पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ यह धरपकड़ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *