कोतवाली पुलिस की नशे के खिलाफ कार्रवाई
धार। पान की दुकान पर मिलने वाली सुपारी और कत्थे के बीच जब नशे का काला कारोबार पैर पसारने लगा, तो धार पुलिस ने सटीक घेराबंदी कर इस नेटवर्क पर चोट की है। शहर के व्यस्त मोतीबाग चौक पर सामान्य सी दिखने वाली एक गुमटी से मादक पदार्थ बेचने की कोशिश कर रहे एक युवक को पुलिस ने रंगे हाथों दबोच लिया।
जिले में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित टीम ने मोतीबाग चौक के पास स्थित पान की दुकान पर दबिश देकर चिटनिस चौक (धार) निवासी 22 वर्षीय तुषार पिता पांडुरंग को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 455 ग्राम अवैध गांजा, बिक्री से जुड़े 9,000 रुपये नकद और एक सैमसंग मोबाइल बरामद कर जब्त किया गया।
धार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 (अपराध क्रमांक 659/2026) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से यह पता लगाने में जुटी है कि यह गांजा कहां से लाया जा रहा था और शहर के स्थानीय स्तर पर इसके ग्राहक कौन-कौन थे। इस जब्ती के बाद पुलिस की नजर शहर के अन्य ऐसे छोटे अड्डों पर भी टिक गई है, जिससे आने वाले दिनों में नशा सप्लायरों के बड़े नेटवर्क तक पहुंचने की उम्मीद है।
