Headlines

धार के महालक्ष्मी नगर में रात में सेंधमारी: खिड़की का कांच तोड़कर घुसे चोर, 50 हजार नगद सहित जेवरात पार

धार। दीपावली के माहौल के बीच धार शहर के रिहायशी इलाके में बेखौफ चोरों ने सेंधमारी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। रात के सन्नाटे में घर की खिड़की का कांच तोड़कर अंदर घुसे अज्ञात बदमाशों ने पेटी का ताला चटकाया और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषणों सहित 50 हजार रुपये की नकदी समेटकर फरार हो गए। सुबह जब परिजनों की नींद खुली, तब घर के बिखरे सामान और टूटी पेटी को देखकर वारदात का खुलासा हुआ।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत पूर्व दिशा में करीब दो किलोमीटर दूर स्थित महालक्ष्मी नगर की है। फरियादी अमित पंडित (उम्र 45 वर्ष, पिता विनायक राव पंडित) के निवास पर 25 अक्टूबर की रात 11:30 बजे से 26 अक्टूबर की सुबह 8:00 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने धावा बोला। चोरों ने मकान की खिड़की का कांच तोड़ा और भीतर प्रवेश कर पेटी का ताला तोड़ दिया। पेटी में रखे एक जोड़ चांदी का कंदौरा, एक जोड़ चांदी की पायजेब, छोटे-बड़े सोने के मोती और 50 हजार रुपये नकद चोरी चले गए।

​मामले में पीड़ित अमित पंडित की शिकायत पर कोतवाली धार पुलिस ने 27 अक्टूबर की रात 11:35 बजे अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।

​त्योहारी सीजन में शहर के रिहायशी क्षेत्र में हुई इस चोरी की घटना के बाद आसपास के रहवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर चोरी गया माल बरामद किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *