Headlines

धार : सर्विस सेंटर के पीछे चटाई पर सो रहा था कर्मचारी, संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने पर FIR

काम के लिए छत्तीसगढ़ से धार आया था मजदूर, मशीन खराब होने पर रूके थे

धार। कामकाज के सिलसिले में सैकड़ों किलोमीटर दूर छत्तीसगढ़ से मध्य प्रदेश आए एक मजदूर के रहस्यमय तरीके से गायब होने से हड़कंप मच गया है। साथियों के साथ खुले आसमान के नीचे सो रहा युवक आधी रात को अचानक ओझल हो गया, जिसके बाद नियोक्ता ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसका अपहरण किए जाने की आशंका जताई है।

घटना सादलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुणावद की है। 26 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे, अशोक लीलैंड सर्विस सेंटर के पीछे नारायणपुर (छत्तीसगढ़) निवासी 36 वर्षीय मजदूर रूपजी अपने सहकर्मियों के साथ चटाई पर सो रहा था। मशीन खराब होने के कारण सभी मजदूर वहीं रुके हुए थे। देर रात रूपजी अचानक वहां से लापता हो गया। नियोक्ता सेंथिल कुमार (निवासी हाल मुकाम घाटाबिल्लोद, पीथमपुर) ने अपने स्तर पर आसपास के गांवों में उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

कर्मचारी का कोई पता न चलने पर फरियादी सेंथिल कुमार ने सादलपुर थाने पहुंचकर सूचना दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) के तहत अपहरण का प्रकरण दर्ज कर लिया है। अब पुलिस सर्विस सेंटर के आसपास की गतिविधियों और संभावित मार्गों की पड़ताल कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मजदूर स्वयं कहीं गया है या वाकई उसका किसी गिरोह अथवा अज्ञात व्यक्ति द्वारा अपहरण किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *