बहन के रखे सोने-चांदी के पुश्तैनी गहनों समेत चांदी की मूर्तियां और सिक्के भी चोरी
धार। बंद घरों की रेकी कर निशाना बनाने वाले अज्ञात बदमाशों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती दी है। राजेंद्र कॉलोनी में एक सूने मकान का ताला चटकाकर भीतर घुसे चोरों ने न सिर्फ नकदी पर हाथ साफ किया, बल्कि तीन अलमारियों के ताले तोड़कर घर और बहन के रखे सोने-चांदी के पुश्तैनी गहनों समेत चांदी की मूर्तियां और सिक्के तक समेट लिए।
घटना राजेंद्र कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय मनोज शर्मा (पिता राधेश्याम शर्मा) के मकान में हुई। मनोज के अनुसार, 1 नवंबर को तड़के मध्यरात्रि 12:00 बजे से लेकर सुबह 11:00 बजे के बीच अज्ञात बदमाश उनके घर में घुसे। चोरों ने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और भीतर रखी तीन लकड़ी की अलमारियों के ताले काटकर चोरी को अंजाम दिया। वारदात के दौरान अलमारी में रखे 15,500 रुपये नकद (फ्रेश नोट), चांदी की पायल, चांदी का कड़ा और सोने का पेंडल चोरी हो गया। इसके अलावा घर में रखी मनोज की बहन योगिता विश्वकर्मा के जेवरात—मोती वाला मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, कान के टॉप्स, गणेश जी का सोने का पेंडल, चांदी की पायल, चांदी की चेन, लक्ष्मी-गणेश की चांदी की मूर्तियां, चांदी के सिक्के, चांदी का नोट और बच्चे के हाथ की सोने-काले मोती की पोची भी बदमाश चुरा ले गए।
घटना के बाद फरियादी की शिकायत पर राजगढ़ थाना पुलिस ने 1 नवंबर को दोपहर 15:43 बजे अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 305(A) के तहत कायमी दर्ज कर ली है। दिनदहाड़े और देर रात हुई इस बड़ी चोरी के बाद क्षेत्र के रहवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है; पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ पुराने नकबजनों की धरपकड़ की तैयारी में जुटी है।
