धार। शहर को मिलने जा रहे आधुनिक बस स्टैंड की राह में लंबे समय से बना गतिरोध आखिरकार सोमवार को दूर हो गया। वर्षों से कानूनी दांव-पेच और निर्माण की अड़चनों में उलझे इस प्रोजेक्ट को गति देने के लिए नगरपालिका प्रशासन ने कड़ा कदम उठाते हुए सीधे बुलडोजर कार्रवाई को अंजाम दिया।
सोमवार सुबह धार नगरपालिका का अमला भारी पुलिस बल और जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंचा। बस स्टैंड के प्रस्तावित निर्माण क्षेत्र में बाधा बन रहीं कुल 11 दुकानों को हटाने की यह कार्रवाई सुबह से शुरू होकर देर शाम तक लगातार जारी रही। नपा सीएमओ कुलदीप विश्वनाथ सिंह के नेतृत्व में नपा अमले ने मौके पर मौजूद रहकर सभी 11 बाधक दुकानों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
उल्लेखनीय है कि इन दुकानों को हटाने को लेकर प्रभावित व्यापारी हाईकोर्ट की शरण में गए थे। न्यायालय में कानूनी पेंच सुलझने और स्थिति साफ होने के बाद ही प्रशासन ने यह सख्त रुख अपनाया। दुकानों के ध्वस्त होने के बाद अब मौके से मलबा हटाने का काम किया जा रहा है, जिससे आधुनिक बस स्टैंड के निर्माण कार्य में अब तेजी आ सकेगी।
