धार। घनी आबादी के बीच नियमों को ताक पर रखकर पटाखों का बारूद बेचना एक दुकानदार को भारी पड़ गया। बिना किसी वैध अनुमति और सुरक्षा मानकों के रिहायशी इलाके में दुकान सजाकर बैठे व्यापारी पर पुलिस ने सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए अवैध पटाखों का जखीरा बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुक्षी थाना क्षेत्र अंतर्गत गायत्री सरोवर के सामने स्थित दुकान पर आरोपी अली असगर (उम्र 45 वर्ष, पिता इमदाद अली) किसी सुरक्षित मैदान या गोदाम के बजाय सीधे रिहायशी इलाके में पटाखे रखकर बेच रहा था। रविवार, 1 नवंबर को पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब विस्फोटक सामग्री की बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस मांगा, तो आरोपी कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की दुकान से कुल 45 किलो 500 ग्राम अवैध आतिशबाजी जब्त की, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य 71,107 रुपये आंका गया है।
मामले में कुक्षी पुलिस ने 1 नवंबर रविवार की रात आरोपी अली असगर के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 125, 288 और विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9(ख) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया।
आमतौर पर त्योहारों और आयोजनों के दौरान आबादी वाले क्षेत्रों में इस प्रकार अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री का भंडारण गंभीर दुर्घटनाओं और आगजनी के बड़े खतरे को जन्म देता है। नियमों के तहत पटाखों के भंडारण और बिक्री के लिए खुले मैदान या अधिकृत सुरक्षित गोदाम ही तय किए जाते हैं। पुलिस की इस तत्परता से जहां रहवासी क्षेत्र में मंडरा रहा एक बड़ा सुरक्षा जोखिम टल गया, वहीं क्षेत्र में बिना अनुमति के विस्फोटक सामग्री बेचने वाले अन्य कारोबारियों पर भी सख्त कार्रवाई का संदेश गया है।
