Headlines

धार में पौ चौपाटी पर घर के बाहर खड़े दो सगे भाइयों के साथ बेरहमी से मारपीट

मेडिकल जांच में फ्रैक्चर की पुष्टि के बाद कान्हा, वासु और जितेन्द्र पर केस दर्ज

धार। घर के बाहर खड़े दो भाइयों पर अचानक हुए हमले का मामला अब गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। मेडिकल जांच और एक्स-रे रिपोर्ट में हड्डी टूटने (फ्रैक्चर) की आधिकारिक पुष्टि होते ही धार कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।

घटना 2 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे की है। धार के पौ चौपाटी इलाके में रहने वाले मूलतः उत्तर प्रदेश (ग्राम गबुहजोद, थाना उतरलोना, जिला बलरामपुर) निवासी रंजीत निशाद (21 वर्ष) के घर के बाहर यह विवाद हुआ। आरोप है कि पशु चिकित्सालय के पास रहने वाले कान्हा, वासु और उनके साथी जितेन्द्र ने रंजीत और उनके बड़े भाई ध्रुव निशाद (35 वर्ष) के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना के बाद घायल भाइयों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया, जिसमें चिकित्सक ने एक्स-रे कराने की सलाह दी थी।

एक्स-रे जांच में गंभीर चोट यानी फ्रैक्चर की पुष्टि होने के बाद, थाना कोतवाली धार ने बुधवार, 4 नवंबर शाम को आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 352, 115(2), 117(2) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया।

मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर दर्ज इस मामले में अब पुलिस तीनों नामजद आरोपियों की तलाश और आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है। सार्वजनिक स्थल पर इस तरह की हिंसक वारदात और गंभीर चोटों के मामले में केस दर्ज होने के बाद क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर पुलिस की निगरानी और सख्ती बढ़ने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *