ढाबे पर घसीटकर ले जाकर बनाया था बंधक
धार। जिले में औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर के पास इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। सड़क किनारे बैठी गायों को हटाना दो युवकों के लिए जानलेवा साबित हुआ। गोवंश चोरी के झूठे शक में कुछ लोगों ने न केवल उन्हें रास्ते में रोका, बल्कि ढाबे पर घसीट ले जाकर इस कदर पीटा कि एक युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
यह पूरी घटना शुक्रवार को पीथमपुर सेक्टर-1 थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तारपुरा और मेटल कंपनी के पास हुई। पीड़ित धर्मेंद्र डाबी (निवासी बेटमा) अपने परिचित संजय (निवासी नालछा/बगड़ी) के साथ बस स्टैंड से पैदल अपने गांव बेटमा की ओर जा रहे थे। रास्ते में जब दोनों सड़क पर बैठी गायों को किनारे करने लगे, तभी आरोपी अंकुश बुंदेला और कमलेश बुंदेला ने उन पर गोवंश चोरी का शक जताया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
इसके बाद सोनू, भूरिया और राकेश नामक व्यक्तियों ने मिलकर दोनों को एक ढाबे पर बंधक बनाया और बेरहमी से प्रताड़ित किया। गंभीर चोटों के कारण संजय की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि धर्मेंद्र किसी तरह बच निकलने में सफल रहा।
एडिशनल एसपी पारुल बेलापुरकर के अनुसार, घटना से जुड़ा एक प्रताड़ना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 103 (हत्या) सहित अन्य सुसंगत धाराओं में कुल पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों—सोनू, राकेश और भूरिया—को हिरासत में ले लिया है, जबकि कमलेश और अलकेश सहित अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
शनिवार को धार जिला अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया। क्षेत्र में तनाव की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन सतर्क है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है। प्राथमिक जांच से स्पष्ट हुआ है कि यह पूरी घटना महज सड़क से गाय हटाने के दौरान उपजे गलत संदेह के कारण हुई थी, जिसने कुछ ही पलों में हिंसक रूप ले लिया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाएगा।
