Headlines

दिनदहाड़े बोलेरो से टेक्नीशियन का अपहरण : साइबर सेल और पुलिस की नाकेबंदी से 120 मिनट में पकड़ाए आरोपी

पत्नी से बात करने को लेकर आकाश का किया था अपहरण और मारपीट

धार। दिनदहाड़े शोरूम के सामने से एक युवक का अपहरण कर सनसनी फैलाने वाले बदमाशों के मंसूबों पर धार पुलिस ने पानी फेर दिया। सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस टीमों ने साइबर सेल की तकनीकी मदद से घेराबंदी करते हुए महज 2 घंटे के भीतर अपहृत को आरोपियों के चंगुल से सकुशल छुड़ा लिया और वारदात में इस्तेमाल बोलेरो वाहन सहित चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

​यह घटना शनिवार, 7 नवंबर को दोपहर करीब 1:00 बजे की है। फरियादी पवन गिरवाल (निवासी ग्राम तलवाड़ा) के अनुसार, वह और उसका चचेरा भाई आकाश गिरवाल (उम्र 31 वर्ष), जो सौम्या महिंद्रा शोरूम में टेक्नीशियन हैं, भारतीय शोरूम के सामने मौजूद थे। तभी सफेद रंग की बोलेरो (क्रमांक MP 13 ZS 7732) में सवार होकर आए तीन-चार अज्ञात बदमाशों ने आकाश के साथ मारपीट की और उसे जबरन गाड़ी में डालकर मांडव की ओर ले गए। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 679/2026, धारा 140(3) बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

​घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक योगेंद्र सिंह के नेतृत्व में तत्काल 5 विशेष टीमों का गठन कर तलाश शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित नाकेबंदी के आधार पर पुलिस टीम ने नालछा क्षेत्र से अपहृत आकाश गिरवाल को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया।

​विवाद की वजह पत्नी से बात करना था

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अपहृत आकाश की बातचीत मुख्य आरोपी अर्जुन गिरवाल की पत्नी से होती थी। इसी रंजिश के चलते अर्जुन ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को अभिरक्षा में लिया है:

  1. ​अर्जुन गिरवाल (26 वर्ष), निवासी कांकलपुरा (थाना नालछा)
  2. ​अरविंद कटारे (21 वर्ष), निवासी भीलकुंडा (थाना नालछा)
  3. ​रूप सिंह डाबर (21 वर्ष), निवासी ग्राम सोडपुर
  4. ​लव चौहान (18 वर्ष), निवासी अवल (थाना नालछा)

​वारदात में प्रयुक्त बोलेरो वाहन अर्जुन के साले अंबाराम का बताया गया है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।

​इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस त्वरित और सफल अभियान में निरीक्षक ईश्वरसिंह, निरीक्षक प्रेम सिंह ठाकुर, निरीक्षक राजलल्न मिश्रा, उपनिरीक्षक नरबदसिंह ठाकुर, आकाश हिंडोलिया, प्रेम सिंह हटीला, भूपेंद्र खरतीया, सहायक उपनिरीक्षक सुनिल कुशवाह, दीपचंद चंदेल, प्रआर. रुपेश, संतोष यादव, नवल सिंह, जितेंद्र करणावत, तेजप्रकाश, आ. राममुर्ति, भगवती, देवेद्र कुशवाह, गोलू बर्मन, सै. जगदीश राठौर व सायबर से प्रशांत चौहान, सौरभ जादौन व विजय भाटी की विशेष भूमिका रही।

​पारिवारिक बातचीत के विवाद में कानून हाथ में लेकर दिनदहाड़े अपहरण जैसी गंभीर वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस अब सख्त वैधानिक कार्रवाई कर रही है। भीड़भाड़ वाले इलाके से हुए इस अपहरण के बाद पुलिस की त्वरित घेराबंदी और 2 घंटे के भीतर सफल खुलासे से न केवल एक बड़ी अनहोनी टल गई, बल्कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और पुलिस के त्वरित रिस्पॉन्स पर आमजन का भरोसा भी मजबूत हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *