धार। सड़क पर अचानक कान के पर्दे फाड़ देने वाला धमाका और राहगीरों में अफरा-तफरी—बुलेट से पटाखों जैसी आवाज निकालकर रौब जमाने का यह शौक अब वाहन चालकों पर भारी पड़ने लगा है। मनावर में पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण फैलाने और राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी एक मॉडिफाई बुलेट को जब्त कर सीधे थाने पहुंचा दिया, जहां मैकेनिक की मदद से उसका साइलेंसर अलग कर दिया गया।
मनावर में धार रोड पर पुलिस टीम ने तेज आवाज करते हुए गुजर रही एक रॉयल एनफील्ड बुलेट को पकड़ा। मनावर थाना प्रभारी राजेश यादव के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के तहत बुलेट को थाने लाया गया। वहां मैकेनिक को बुलाकर तेज आवाज करने वाला मॉडिफाई साइलेंसर खुलवाकर जब्त किया गया। इसके साथ ही वाहन को जब्त करते हुए चालक के खिलाफ नियमानुसार चालानी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि साइलेंसर की कानफोड़ू आवाज से राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे वाहनों के खिलाफ सोमवार से लगातार अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति इस तरह के तेज आवाज वाले साइलेंसर लगाकर वाहन दौड़ाता दिखाई दे, तो उसका नाम और गाड़ी नंबर पुलिस से साझा करें; सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
दरअसल, दीपावली के दौरान नगर में युवाओं द्वारा बुलेट और अन्य बाइकों में पटाखों व बंदूक की गोली जैसी आवाज निकालने वाले मॉडिफाई साइलेंसर लगवाने का चलन तेजी से बढ़ा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक बीते एक महीने से सड़कों पर ऐसे वाहनों की आवाजाही ज्यादा देखी जा रही है, जिससे लगातार ध्वनि प्रदूषण बढ़ रहा है और अचानक होने वाली तेज आवाजों के चलते सड़क हादसों का जोखिम भी बना रहता है। पुलिस की इस सख्त शुरुआत से अब ऐसे नियम तोड़ने वाले चालकों पर लगाम लगने की उम्मीद है।
