धार। तारीख 8 नवंबर, रात के करीब 8 बजे। नौगांव थाना क्षेत्र स्थित कोर्ट के पीछे हाथीथान इलाके में रोजमर्रा की तरह चहल-पहल थी। तभी कुछ युवकों ने एक घर के ठीक दरवाजे पर तेज आवाज वाले पटाखे फोड़ना शुरू कर दिए।
घर के भीतर से 45 वर्षीय सुनीता डावर बाहर निकलीं और उन्होंने युवकों को टोकते हुए बस इतना कहा— “दरवाजे के ठीक सामने पटाखे मत फोड़ो, आगे चले जाओ।”
इतना कहना था कि नशे और हुड़दंग के सुरूर में डूबे युवकों का पारा चढ़ गया। सामने खड़े सुनील दहदिया, देवेंद्र दहदिया, लक्की और सुनील का दामाद जितेंद्र सीधे बदतमीजी पर उतर आए। गली में सरेआम महिला को भद्दी और अश्लील गालियां दी जाने लगीं।
शोर सुनकर मां को बचाने दौड़ा बेटा, चारों ने घेरा
दरवाजे पर मां के साथ गाली-गलौज की आवाज जैसे ही घर के अंदर 19 वर्षीय कुंदन के कानों में पड़ी, वह भागता हुआ बाहर आया। उसने आरोपियों को रोका और मां के सामने हाथ जोड़ते हुए बीच-बचाव की कोशिश की। लेकिन आरोपियों पर खून सवार था। चारों ने एक राय होकर निहत्थे कुंदन को घेर लिया और ताबड़तोड़ लात-घूंसों व थप्पड़ों की बरसात कर दी।
हाथ में बीयर की बोतल और चेहरे पर सीधा प्रहार
मारपीट के इसी खौफनाक मंजर के बीच आरोपी सुनील ने हाथ में पकड़ी बीयर की खाली बोतल उठाई और सीधे कुंदन के चेहरे पर दे मारी। तेज आवाज के साथ बोतल कुंदन की नाक और मुंह पर लगी। पलक झपकते ही 19 साल का युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
गली में खून फैलता देख और आसपास के लोगों को जुटता देख आरोपी यह कहते हुए वहां से भाग निकले— “आज तो बच गया, दोबारा जुबान चलाई तो जान से खत्म कर देंगे।”
पुलिस ने दर्ज की नामजद FIR, तलाश जारी
लहूलुहान बेटे का प्राथमिक उपचार कराने के बाद 9 नवंबर की सुबह फरियादी सुनीता डावर नौगांव थाने पहुंचीं और आपबीती सुनाई। पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए चारों नामजद आरोपियों—सुनील, देवेंद्र, लक्की और जितेंद्र के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ए), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रिहायशी इलाके में शराबखोरी और खुलेआम गुंडागर्दी की इस वारदात से क्षेत्र में भारी आक्रोश है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें दबिश दे रही हैं और जल्द ही चारों सलाखों के पीछे होंगे।
