Headlines

धार जिले में अपराधों का ग्राफ बढ़ा: कहीं मारपीट-लूट तो कहीं बाइक चोरी, पुलिस सतर्क

धार। जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मारपीट, लूट और वाहन चोरी की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे आमजन में दहशत का माहौल बन गया है।
जिले के बदनावर थाना क्षेत्र में 5 अप्रैल की रात बेगंदा रोड पर दो अज्ञात बदमाशों ने पहले लापरवाहीपूर्वक बाइक चलाते हुए भरत डामर को टक्कर मार दी। इसके बाद बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए डंडों से बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। हमले के दौरान जान से मारने की धमकी दी गई, जिससे घबराकर वह अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर भाग गया। बाद में मौके पर पहुंचने पर उसकी बाइक भी गायब मिली, जिसे अज्ञात चोर चुरा ले गए।
वहीं मनावर थाना क्षेत्र में बाइक चोरी की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना में ग्राम टोंकी निवासी प्रिंस मंडलोई की करीब 30 हजार रुपए की बजाज प्लेटिना बाइक घर के सामने से चोरी हो गई। दूसरी घटना में भीलटपुरा क्षेत्र में सुमित फुलमाली और उसके साले की दो मोटरसाइकिलें रात के समय घर के बाहर से चोरी हो गईं।
इसके अलावा पीथमपुर के सेक्टर-01 थाना क्षेत्र में आयशर कंपनी गेट नंबर-1 के बाहर खड़ी दिनेश गुप्ता की एचएफ डीलक्स बाइक को भी अज्ञात चोर दिनभर के दौरान पार कर ले गए।
इन घटनाओं से साफ है कि जिले में बाइक चोर गिरोह सक्रिय है और सुनसान इलाकों के साथ-साथ रिहायशी क्षेत्रों को भी निशाना बना रहा है। पुलिस ने सभी मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *