Headlines

कूलर के अंदर छुपाकर रखा था गांजा, महिला के घर छापा; 1 किलो से ज्यादा मादक पदार्थ जब्त

धार। जिले के तिरला क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला के घर से 1 किलो से अधिक गांजा बरामद किया है। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी महिला ने गांजे को कूलर के अंदर छुपाकर रखा था।

तिरला थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम ज्ञानपुरा में एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी ममता पति अशोक वर्मा (50) के घर पर दबिश के दौरान पुलिस ने कूलर के अंदर छुपाकर रखा हुआ 1.036 किलो सूखा गांजा जब्त किया।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 11 अप्रैल की रात 8:10 बजे से 11 बजे के बीच ज्ञानपुरा-माफीपुरा रोड स्थित ईंट भट्टे के पास हनुमान मंदिर के नजदीक स्थित कमरे में की गई। जब टीम ने तलाशी ली तो कूलर के भीतर छिपाकर रखा गया गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपए आंकी गई है। आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला गांजा कहां से लाती थी और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है। जल्द ही इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *