Headlines

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित धार भ्रमण की तैयारियाँ तेज

 प्रभारी कलेक्टर अभिषेक चौधरी ने ली जिला अधिकारियों की समीक्षा बैठक

धार।  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगामी 19 अप्रैल 2026 को धार जिले के तहसील धरमपुरी अंतर्गत ग्राम सिरसोदिया में प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम ‘मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना’ के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तत्पर है। इस संबंध में प्रभारी कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक चौधरी द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक आयोजित कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।  
प्रभारी कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के भ्रमण के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया जाए। कार्यक्रम स्थल, मंच, पाण्डाल और पार्किंग क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार बेरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए गए हैं। साथ ही, हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक के रूट का गंभीरता से परीक्षण करने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए 24 घंटे जनरेटर बैकअप रखने के निर्देश दिए गए हैं।  
सिरसोदिया में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम के लिए अधिकारियों को विशिष्ट दायित्व सौंपे गए हैं। चौधरी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक वेदी, हवन कुण्ड और पाण्डाल की साज-सज्जा मानक अनुरूप हो। विवाह जोड़ों के लिए आवश्यक सामग्री, पूजन व्यवस्था और प्रशाधन कक्ष (ड्रेसिंग रूम) की व्यवस्था समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम स्थल पर आने वाले नागरिकों के लिए पेयजल, अस्थाई शौचालय और प्राथमिक चिकित्सा की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड पर एम्बुलेंस, चिकित्सक दल और जीवन रक्षक उपकरणों के साथ तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं। श्री प्रमोद सिंह गुर्जर, एसडीएम मनावर को संपूर्ण कार्यक्रम व्यवस्था का प्रभारी बनाया गया है।
बैठक के अंत में प्रभारी कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सौंपे गए दायित्वों को समय-सीमा में पूर्ण करना सुनिश्चित करें। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री संजीव केशव पाण्डेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *