धार। मनावर के जेलपुरा रोड पर शनिवार रात एक मामूली सलाह लहूलुहान वारदात में बदल गई। शादी के जश्न के बीच बाइक से हुड़दंग कर रहे युवकों को जब एक बुजुर्ग ने सावधानी बरतने को कहा, तो आरोपियों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने पीड़ित के सिर पर ब्लेड से वार किया और फरार हो गए।
सलाह दी तो भड़क गए युवक
फरियादी अजय वास्केल (45) ने पुलिस को बताया कि रात करीब 11 बजे वह अपने रिश्तेदार मंगूबाई के घर के बाहर बैठे थे। तभी ‘लकी’ नाम का युवक तेज रफ्तार में बाइक लहराते हुए वहां से निकला। पास में शादी होने के कारण अजय ने उसे बुलाकर गाड़ी धीरे चलाने की हिदायत दी। यह बात लकी को इतनी नागवार गुजरी कि उसने अपने तीन दोस्तों को मौके पर बुला लिया।
सिर पर ब्लेड मारी, फिर लात-घूंसों से पीटा
आरोपियों ने अजय को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए कहा— “रोड तेरे बाप का है क्या?” विरोध करने पर लकी और उसके एक साथी ने जान से मारने की नीयत से अजय के सिर पर ब्लेड से हमला कर दिया। खून से लथपथ अजय जमीन पर गिर पड़े तो अन्य दो दोस्तों ने उन्हें लात-मुक्कों से बुरी तरह पीटा। शोर सुनकर लोग इकट्ठा हुए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले।
मनावर पुलिस ने मुख्य आरोपी लकी और उसके तीन अज्ञात साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(b), 351(3), 109(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय मुखबिरों के जरिए फरार ‘लकी गैंग’ की तलाश कर रही है।
