धार। भारत सरकार के ‘प्रगति’ (PRAGATI) पोर्टल पर एंट्री से पहले धार जिले में शिक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ी समीक्षा हुई है। शुक्रवार को कलेक्टर राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में एक हाई-लेवल बैठक आयोजित की गई, जिसमें समग्र शिक्षा अभियान से जुड़े 15 प्रमुख बिंदुओं की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने दो टूक शब्दों में निर्देश दिए हैं कि पोर्टल पर जो भी डेटा जाए, वह पूरी तरह तथ्यात्मक और अद्यतन होना चाहिए, ताकि धार जिले की सही तस्वीर और उपलब्धियां दिल्ली तक पहुंच सकें।
इन 15 प्रमुख बिंदुओं पर हुआ मंथन
कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने बैठक में समग्र शिक्षा अभियान के तहत चल रहे कार्यों की बारीकी से समीक्षा की। इसमें मुख्य रूप से शामिल रहे:
- स्कूलों का हायर सेकेंडरी स्तर तक उन्नयन।
- माध्यमिक स्तर पर सकल नामांकन अनुपात (GER)।
- राज्य मुक्त विद्यालय और एनआईओएस (NIOS) में नामांकन की स्थिति।
- बजट और फंड का समय पर सही उपयोग।
- छात्राओं के लिए अलग शौचालय और स्कूलों में अन्य बुनियादी सुविधाएं।
- शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) का क्रियान्वयन।
- स्कूलों में व्यावसायिक शिक्षा और डिजिटल संसाधन।
- शिक्षक-विद्यार्थी अनुपात (PTR)।
- होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड (समग्र प्रगति कार्ड) और स्टूडेंट्स के सीखने का प्रतिफल (Learning Outcomes)।
- अपार आईडी (APAAR ID) निर्माण की प्रगति।
नवाचार और धार की विशिष्ट पहल का हो उल्लेख
“भारत सरकार के प्रगति पोर्टल पर की जाने वाली सभी प्रविष्टियां तथ्यात्मक, अपडेटेड और अचीवमेंट्स पर आधारित हों। हर बिंदु में धार जिले की विशिष्ट पहल, स्थानीय परिस्थितियों और नवाचारों (Innovations) का साफ जिक्र होना चाहिए, ताकि जिले का प्रेजेंटेशन प्रभावी रहे।” कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और तय समय-सीमा के भीतर क्वालिटी और ऑथेंटिक जानकारी पोर्टल के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
शत-प्रतिशत नामांकन और अपार आईडी पर विशेष जोर
बैठक में मुख्य रूप से माध्यमिक स्तर पर 100% नामांकन सुनिश्चित करने, छात्रों की अपार आईडी बनाने और स्कूलों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा से जुड़े सभी इंडिकेटर्स की नियमित रूप से मॉनिटरिंग की जाए और हर स्तर पर जिम्मेदारी तय की जाए ताकि जिले का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो सके।
कलेक्ट्रेट में आयोजित इस बैठक में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक, ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर, बीआरसी सहित विभिन्न शाखाओं के नोडल अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने जिले की अब तक की प्रगति और आगामी कार्ययोजना का प्रेजेंटेशन भी दिया।
