मुखबिर की सूचना पर बाग और डेहरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
धार। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों और चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बाग पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आधी रात को हथियारों से लैस एक गैंग को दबोचकर डकैती की एक गंभीर साजिश को नाकाम कर दिया है। पकड़े गए बदमाशों के पास से धारदार हथियारों के अलावा इंदौर से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
यह पूरी कार्रवाई गुरुवार की रात करीब 12:00 बजे बाग थाना और डेहरी पुलिस चौकी की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि ग्राम अंजनताड़ के पास खोजा फाटा पर कुछ बदमाश वाहनों को रोककर डकैती डालने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन आरोपियों दिलीप पवार (20 वर्ष), जितेंद्र सपनिया (19 वर्ष) और लोकेश (28 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया, जबकि इनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
बरामद सामग्री और कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 12 बोर का देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक फालिया, डंडे और इंदौर के भंवरकुआं क्षेत्र से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लोकेश है पुराना अपराधी
पकड़े गए आरोपियों में से एक, लोकेश का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2021 में चोरी और अवैध शराब तस्करी (आबकारी अधिनियम) के मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब फरार चल रहे दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। इस त्वरित कार्रवाई से न केवल क्षेत्र में एक बड़ी वारदात टल गई, बल्कि इंदौर से संचालित हो रहे वाहन चोर गिरोह के नेटवर्क का पर्दाफाश होने की भी उम्मीद है।
