जीतू साहू की मौत का रहस्य सुलझाने में जुटी पुलिस, साथ मौजूद महिला से पूछताछ जारी
इंदौर। होटल की बालकनी से गिरकर हुई प्रॉपर्टी कारोबारी की मौत के मामले में पुलिस की जांच अब एक बेहद अहम मोड़ पर पहुँच गई है। घटना के वक्त साथ मौजूद महिला से पूछताछ के साथ-साथ अब पुलिस घटनास्थल का ‘सीन री-क्रिएशन’ करने जा रही है, जिससे मौत के असली कारणों का पता लगाया जा सके।
यह पूरा मामला इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र का है, जहाँ 13-14 जुलाई की मध्य रात्रि को प्रॉपर्टी कारोबारी जीतू साहू (प्रारंभिक जानकारी में दीपक नाम भी सामने आया था) की एक होटल की बालकनी से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के दौरान उनके साथ शहीदा फरिया नाम की महिला मौजूद थी। हादसे के बाद महिला ने जीतू साहू को अस्पताल पहुँचाया और फिर वहाँ से चली गई थी।
मामले की जांच कर रहे एडिशनल डीसीपी ओमप्रकाश ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित लोगों के बयान पहले ही दर्ज किए जा चुके हैं। अब पूछताछ के लिए बुलाई गई महिला शहीदा फरिया को साथ ले जाकर पुलिस होटल की उसी बालकनी पर ‘सीन री-क्रिएशन’ करेगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब तक की जांच में किसी साजिश या सलमान लाला गैंग जैसी किसी गैंग की संलिप्तता का कोई ठोस सबूत नहीं मिला है। हालांकि, पुलिस ने कारोबारी के बिज़नेस से जुड़े संपर्कों, आपसी संबंधों और अन्य सभी एंगल्स को खुला रखा है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और जांच में जो भी विरोधाभास या नए तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
