Headlines

सिंहस्थ 2028 : उज्जैन में पेश हुई भाईचारे की मिसाल, शाही मस्जिद का अगला हिस्सा समाजजनों ने खुद हटाया

उज्जैन प्रशासन और मुस्लिम समाज के शहरकाजी ने की शांति की अपील

उज्जैन। आस्था के महापर्व की तैयारियों के बीच धार्मिक नगरी उज्जैन से सामाजिक सद्भाव और आपसी तालमेल की एक अनूठी तस्वीर सामने आई है। शहर के विकास और आगामी महाकुंभ को सुगम बनाने के लिए समाजजनों ने खुद आगे बढ़कर सकारात्मक पहल की है।

​उज्जैन के छत्री चौक स्थित ऐतिहासिक शाही मस्जिद के सड़क की जद में आ रहे हिस्से को मुस्लिम समाज द्वारा आपसी सहमति से खुद हटाया जा रहा है। कलेक्टर रोशन सिंह के अनुसार, वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ महाकुंभ के मद्देनजर शहर में सड़कों के चौड़ीकरण और मास्टर प्लान के तहत बुनियादी ढांचे का विस्तार किया जा रहा है। इन विकास कार्यों में सभी वर्गों के लोग स्वेच्छा से सहयोग दे रहे हैं, जिसके तहत मार्ग में आने वाले मकानों, दुकानों और धार्मिक स्थलों के आवश्यक हिस्सों को संबंधित पक्ष स्वयं हटा रहे हैं।

​उज्जैन शहर काजी खली कुर्रे रहमान ने स्पष्ट किया कि मस्जिद से जुड़ा मामला बीती रात ही आपसी बातचीत और सौहार्दपूर्ण सहमति से हल कर लिया गया था। उन्होंने कहा कि तय किए गए संकल्प के अनुसार ही कार्य शांतिपूर्ण ढंग से पूरा किया जा रहा है, इसलिए किसी को भी मौके पर जाने की आवश्यकता नहीं है।

​कलेक्टर और शहर काजी दोनों ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और अमन-चैन बनाए रखें।

​वर्ष 2028 के सिंहस्थ महाकुंभ में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुँचने का अनुमान है। ऐसे में शहर के प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण न केवल यातायात प्रबंधन को सुगम बनाएगा, बल्कि समय रहते पूरे हो रहे ये निर्माण कार्य आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित अनुभव प्रदान करने में निर्णायक साबित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *