50 हजार रुपए की देशी-विदेशी मदिरा बरामद
धार। जिले में अवैध शराब माफिया के खिलाफ प्रशासन ने अपनी सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में आबकारी विभाग ने कुक्षी क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आवासीय इलाके में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में अवैध देशी और विदेशी शराब का जखीरा बरामद किया है।
यह कार्रवाई 12 सितंबर शनिवार को कुक्षी वृत्त के अंतर्गत आने वाले ग्राम थांदला के पटेलपुरा में की गई। आबकारी उप निरीक्षक रीनू भिंडे के नेतृत्व में टीम ने स्कूल के पास स्थित एक संदिग्ध मकान पर विधिवत छापा मारा। तलाशी के दौरान वहां से 87 बल्क लीटर अवैध देशी एवं विदेशी मदिरा जब्त की गई, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये आंकी गई है। हालांकि, टीम के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा।
आबकारी विभाग ने फरार अज्ञात आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 (संशोधन 2000) की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस सफल कार्रवाई में मुख्य आरक्षक रत्ना अमलियार, पदमा बघेल और आरक्षक राशि परिहार की मुख्य भूमिका रही।
यह पूरी कार्रवाई कलेक्टर राजीव रंजन मीना द्वारा जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, वरिष्ठ आबकारी अधिकारियों के मार्गदर्शन और नेतृत्व में अमल में लाई गई। विभाग की इस लगातार सक्रियता से ग्रामीण अंचलों में अवैध मदिरा का अवैध भंडारण और विक्रय करने वालों में हड़कंप है। प्रशासन का स्पष्ट संकेत है कि क्षेत्र में अवैध शराब नेटवर्क पर आगे भी इसी तरह निगरानी और कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
