दीवार की ओट में सफेद थैली छिपाए खड़ा था संदिग्ध
तलाशी में मिली अवैध देशी पिस्टल, कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज
धार। लालबाग परिसर में दीवार की ओट लेकर संदिग्ध गतिविधियों में खड़े एक युवक की चालाकी उस समय धरी रह गई, जब पुलिस की पैनी नजर उस पर पड़ गई। हाथ में पकड़ी सफेद थैली की तलाशी लेते ही पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए, थैली के भीतर से विदेशी मार्का लगी एक देशी पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने मौके से आरोपी को हिरासत में लेकर अवैध हथियार जब्त कर लिया है।
यह कार्रवाई 12 सितंबर शनिवार को दोपहर लगभग 3:20 से 4:30 बजे के बीच कोतवाली पुलिस टीम द्वारा लालबाग परिसर में की गई। मुखबिर की सूचना व संदेह के आधार पर जब पुलिस बल ने कैलाश नगर निवासी 32 वर्षीय आकाश सिसोदिया (पिता स्वर्गीय दिलीप सिसोदिया) को रोका, तो वह थैली को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पंचों के समक्ष ली गई तलाशी में उसके दाहिने हाथ में मौजूद सफेद थैली से काले रंग की हाथ से बनी 32 बोर की देशी पिस्टल मिली। पिस्टल की बैरल पर अंग्रेजी में ‘Zzzz’ और ‘MADE IN USA BOR 32’ लिखा हुआ था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5,000 रुपये आंकी गई है।
हथियार से संबंधित वैध दस्तावेज अथवा लाइसेंस न होने पर पुलिस ने उसी दिन शाम 6:30 बजे आरोपी के विरुद्ध धारा 25(1)(ए) आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध किया। शहर के सार्वजनिक स्थल पर अवैध हथियार के साथ पकड़े जाने के बाद अब पुलिस इस बात की तफ्तीश में जुटी है कि यह पिस्टल कहाँ से खरीदी गई थी और आरोपी इसे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से लाया था या केवल तस्करी के मकसद से। अवैध हथियारों के नेटवर्क को खंगालने के लिए पुलिस आरोपी के पूर्व रिकॉर्ड और उसके संपर्कों की भी जांच कर रही है।
