Headlines

त्योहारी सीजन में धार में खाद्य विभाग की छापेमारी, 33 नमूने जांच के लिए भेजे

मिठाई दुकानों, डेयरी व होटलों का निरीक्षण, चार फर्मों को नोटिस, एक डेयरी पर प्रकरण दर्ज

धार। आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में मिठाई दुकानों, दूध डेयरियों, नमकीन निर्माताओं और रेस्टोरेंटों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर राजीव रंजन मीना के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने राजगढ़, धार, मनावर और उमरबन में विभिन्न प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के कुल 33 नमूने जांच के लिए भोपाल भेजे हैं।

अभिहित अधिकारी डॉ. अनिता सिंगारे के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों रामगोपाल मऊटा और सुभाष खेड़कर ने कार्रवाई की। ग्राम राजगढ़ में तहसीलदार एवं थाना प्रभारी की संयुक्त टीम के साथ जोधपुर स्वीट्स एवं नमकीन कारखाने से गुलाब जामुन और बेसन चक्की के नमूने लिए गए। वहीं होटल श्रीमाया से मिल्क केक व सेंव तथा महावीर होटल से मावा, मिल्क केक और नमकीन के नमूने लिए गए। दोनों होटलों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के भंडारण और जरूरी रिकॉर्ड में कमियां मिलने पर सुधार सूचना नोटिस जारी किए गए। सोमानी दूध सेवा से मावा, पनीर और घी के नमूने लिए गए। पनीर निर्माण के लिए वैध खाद्य पंजीयन नहीं मिलने पर प्रकरण दर्ज किया गया।

सफॉई नहीं मिलने पर नोटिस जारी

धार में गुरुकृपा स्वीट्स एवं नमकीन तथा न्यू सांवरिया स्वीट्स एंड नमकीन का निरीक्षण कर मिठाई, मावा, नमकीन और खाद्य तेल सहित विभिन्न उत्पादों के नमूने लिए गए। मनावर में जैन दूध दही भंडार, बागेश्वरी स्वीट्स और तृप्ति स्वीट्स से मावा, मिल्क केक, पेड़ा और मलाई बर्फी के नमूने लिए गए। उमरबन के शिव शक्ति होटल और कान्हा होटल एवं दूध डेयरी से भी खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। दोनों प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की कमी मिलने पर सुधार सूचना नोटिस जारी किए गए।

मनावर के जय श्रीराम नाश्ता सेंटर की शिकायत पर पकौड़े और इस्तेमाल किए गए खाद्य तेल के नमूने भी जांच के लिए लिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार कार्रवाई में कुल चार प्रतिष्ठानों को सुधार सूचना नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि एक डेयरी पर वैध पंजीयन के बिना कारोबार करने पर प्रकरण बनाया गया है। सभी 33 नमूने भोपाल स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *