
धार। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। बदमाश कहीं घरों को निशाना बना रहे हैं तो कहीं सड़कों और औद्योगिक क्षेत्रों में खड़ी मोटरसाइकिलें चुरा रहे हैं। पांच अलग-अलग मामलों में लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ किया गया है, जिससे पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पहली घटना थाना गंधवानी क्षेत्र के ग्राम करौंदिया की है, जहां फरियादी मोहन निगवाल के घर में देर रात अज्ञात बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाश घर के अंदर से 11 बकरा-बकरी, चांदी के कड़े, दो मोबाइल फोन और 8 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। कुल नुकसान करीब 80 हजार रुपये आंका गया है।
दूसरा मामला पीथमपुर थाना क्षेत्र का है। यहां एसआरएफ कंपनी यूनिट-02 के पास से फरियादी राजकुमार चंदेल की हीरो मोटरसाइकिल (MP09-QW-4585) अज्ञात चोर चुरा ले गए। वाहन की कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है।
तीसरी घटना सेक्टर-01 पीथमपुर में हाउसिंग ब्रिज के पास हुई। फरियादी अर्पित चौधरी अपनी बाइक खड़ी कर कुछ देर के लिए गया, इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति बाइक लेकर फरार हो गया। काफी तलाश के बाद भी बाइक का कोई सुराग नहीं मिला।
चौथा मामला थाना नौगांव क्षेत्र के छत्रीपुरा का है, जहां फरियादी संदीप जायसवाल की मोटरसाइकिल (MP-11-NJ-0174) घर के पास से रात के समय चोरी हो गई। यह वारदात 24 से 25 मार्च के बीच हुई।
वहीं पांचवीं घटना मनावर थाना क्षेत्र के बालीपुर गांव की है, जहां चोरी की वारदात का खुलासा सीसीटीवी कैमरे से हुआ। फरियादी मंगलाप्रसाद के घर में छत के रास्ते घुसकर आरोपियों ने दो बार में कुल 5500 रुपये चोरी किए। फुटेज के आधार पर पुलिस ने दक्ष, युगल और ऋषभ नाम के आरोपियों को चिन्हित कर मामला दर्ज कर लिया है।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से स्पष्ट है कि जिले में चोरों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में हो रही चोरियों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस द्वारा मामलों की जांच जारी है, लेकिन लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
