Headlines

धार में ‘नारी शक्ति वंदन’ पखवाड़ा शुरू: 14 अप्रैल को निकलेगी भव्य पदयात्रा, केंद्रीय मंत्री होंगी शामिल

धार। महिला सशक्तिकरण को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से धार जिले में 10 अप्रैल से ‘नारी शक्ति वंदन’ पखवाड़े की शुरुआत हो गई है। 25 अप्रैल तक चलने वाले इस अभियान में जागरूकता के साथ रचनात्मक गतिविधियों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है।

राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में ‘नारी शक्ति वंदन’ पखवाड़ा उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। कलेक्टर के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के प्रावधानों से अवगत कराना और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी सुभाष जैन ने बताया कि 14 अप्रैल को शाम 4 बजे लालबाग परिसर से विशाल नारी शक्ति पदयात्रा निकाली जाएगी, जिसमें केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस रैली में समाज की प्रबुद्ध महिलाओं की विशेष भागीदारी रहेगी।

पखवाड़े के दौरान जिलेभर में दीवार लेखन, गोष्ठी, सेमिनार, व्याख्यान और शैक्षणिक संस्थानों में चर्चाओं का आयोजन किया जाएगा। युवा वर्ग ‘नारी शक्ति वंदन दीवार’ के माध्यम से सशक्तिकरण के संदेश उकेरेगा।

वहीं 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती पर विशेष ग्राम सभाएं आयोजित कर बाबा साहब को श्रद्धांजलि दी जाएगी और अधिनियम की जानकारी दी जाएगी।

महिला एवं बाल विकास विभाग को इस अभियान का नोडल विभाग बनाया गया है। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, महिला उद्यमियों, स्व-सहायता समूहों और ‘लखपति दीदियों’ की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि उनके अनुभवों से अन्य महिलाएं प्रेरित हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *