खलघाट के किसान से 1.55 लाख रुपये पार
धार। जिले के धामनोद क्षेत्र के खलघाट में साइबर ठगों ने एक बार फिर अपना जाल फैलाते हुए एक किसान को निशाना बनाया। “बैंक अधिकारी” बनकर आए एक फोन कॉल ने कुछ ही मिनटों में खाते से लाखों रुपये साफ कर दिए। भरोसे का फायदा उठाकर की गई इस ठगी ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
धामनोद थाना क्षेत्र में साइबर और हाईटेक अपराध का एक मामला सामने आया है, जिसमें फरियादी अजय सिंह सिसोदिया (55) निवासी खलघाट के साथ 1,55,800 रुपये की ठगी की गई।
फरियादी के अनुसार उनका SBI का YONO ऐप पिछले करीब डेढ़ साल से बंद था। 7 अप्रैल को उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें आरोपी ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए YONO ऐप चालू करने की बात कही।
जैसे ही फरियादी ने अपने मोबाइल में ऐप चालू किया, उनके खाते से लगातार पैसे कटने लगे। कुछ ही मिनटों में चार अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 1,55,800 रुपये निकाल लिए गए।
ट्रांजैक्शन विवरण:
90,000 रुपये (IMPS के माध्यम से)
50,000 रुपये
15,000 रुपये
800 रुपये (NB Facebook के जरिए)
इन सभी ट्रांजैक्शन में अलग-अलग आईडी का उपयोग कर रकम ट्रांसफर की गई।
मामले में धामनोद थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4), 319(2) के तहत अपराध क्रमांक 147/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर टीम भी आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर बैंक से जुड़ी जानकारी साझा न करें और न ही किसी के कहने पर मोबाइल ऐप चालू/अपडेट करें। संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।
