मनावर में आबकारी की बड़ी स्ट्राइक
धार| जिले में अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ आबकारी विभाग ने ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ शुरू कर दी है। सोमवार को आबकारी विभाग ने इंदौर-मनावर रोड पर एक सफेद रंग की डस्टर कार को जब्त किया, जिसमें बड़ी मात्रा में अवैध बियर भरकर ले जाई जा रही थी। विभाग ने शराब और लग्जरी वाहन समेत कुल 5.72 लाख रुपये का मशरुका जब्त किया है।
चेकिंग देख कार छोड़ भागा तस्कर
प्रभारी कलेक्टर अभिषेक चौधरी और सहायक आबकारी आयुक्त राजनारायण सोनी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत टोकी फाटा के पास टीम ने घेराबंदी की थी। जैसे ही सफेद रंग की डस्टर (GJ 05JL 4195) वहां पहुंची, टीम को देखकर आरोपी ड्राइवर घबरा गया। पुलिस और आबकारी अमले को पास आता देख आरोपी अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

कार में बिछी थीं बियर की पेटियां
जब टीम ने लावारिस हालत में खड़ी डस्टर कार की तलाशी ली, तो अधिकारी भी हैरान रह गए। पूरी कार अवैध शराब से लदी हुई थी।
- कुल जब्ती: 22 पेटी माउंट 6000 केन बियर (कुल 528 केन)।
- मात्रा: लगभग 264 बल्क लीटर।
- अनुमानित कीमत: शराब और वाहन की कुल कीमत 5,72,336 रुपये आंकी गई है।
कार्यवाही का गणित
- धाराएं: म.प्र. आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) और 34(2) के तहत केस दर्ज।
- टीम लीडर: सहायक जिला आबकारी अधिकारी विवेक मिश्रा के नेतृत्व में उप निरीक्षक एकता सोनकर ने की कार्यवाही।
- विशेष योगदान: आबकारी आरक्षक नारायण सिंह भवलकर की रही मुख्य भूमिका।
अब ‘बैकवर्ड लिंकेज’ खंगाल रही टीम
आबकारी विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि गुजरात पासिंग (GJ) नंबर की इस कार में इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहाँ से भरी गई थी और इसे कहाँ खपाने की तैयारी थी। फरार आरोपी की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
“अवैध मदिरा के परिवहन और विक्रय पर लगाम कसने के लिए हमारा अभियान सतत जारी रहेगा। फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।” — आबकारी विभाग, धार
