Headlines

युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, हालत गंभीर

मोबाइल चोरी का शक और खूनी खेल, मामला धामनोद के भीलदुधी का

धार। मोबाइल चोरी के एक मामूली शक ने गाँव में ऐसा खूनी रूप ले लिया कि एक युवक की जान पर बन आई। थाना धामनोद के अंतर्गत आने वाले ग्राम भीलदुधी में सोमवार शाम को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ मोबाइल चुराने की बात को लेकर भड़के एक आरोपी ने दूसरे युवक पर लोहे के धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। चाकू सीधे युवक की कमर में जा घुसा, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।

खेत के कुएं पर हुआ विवाद, गालियां देते हुए निकाला चाकू

​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार (18 मई) शाम करीब 4:30 बजे की है। फरियादी हरि पिता रामा सिलोट (56 वर्ष) निवासी भीलदुधी ने थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। हरि सिलोट ने बताया कि वारदात उनके खेत के कुएं पर हुई। आरोपी प्रेमसिंह पिता गोबा कटारे (जाति भील) मोबाइल चोरी की बात को लेकर अचनाक उग्र हो गया। वह अनिल पिता चम्पालाल कटारे को मां-बहन की नंगी-नंगी गालियां देने लगा। जब अनिल ने विरोध किया, तो प्रेमसिंह ने जान से मारने की नियत से अपनी जेब से लोहे का धारदार चाकू निकाला और अनिल की दाहिने तरफ कमर पर पूरी ताकत से घोप दिया।

कमर से बहने लगा खून, गांव में हड़कंप

​चाकू लगते ही अनिल के कमर से तेजी से खून बहने लगा और वह दर्द से चीख उठा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े, जिन्हें देख आरोपी प्रेमसिंह मौके से भाग निकला। घायल अनिल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस की कार्रवाई:

धामनोद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए फरियादी हरि सिलोट की शिकायत पर आरोपी प्रेमसिंह कटारे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(ए) और 109(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *