Headlines

ऑनलाइन दवा बिक्री और कॉरपोरेट छूट के खिलाफ केमिस्टों ने खोला मोर्चा, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

Oplus_131072

धार। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट (AIOCD) के देशव्यापी आह्वान पर आगामी 20 मई, बुधवार को होने वाली हड़ताल को लेकर धार जिले के केमिस्ट साथियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। इसी सिलसिले में ‘धार जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन’ के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर राजीव रंजन मीना से मुलाकात कर उन्हें अपनी प्रमुख मांगों का एक ज्ञापन सौंपा। केमिस्टों ने साफ कर दिया है कि अगर उनकी जायज मांगों पर जल्द फैसला नहीं हुआ, तो यह आंदोलन और उग्र रूप धारण करेगा।

ये हैं केमिस्ट एसोसिएशन की प्रमुख मांगें:

​एसोसिएशन ने ज्ञापन के माध्यम से मुख्य रूप से दवा व्यवसाय और मरीजों के हितों से जुड़े निम्नलिखित मुद्दों को प्रशासन के सामने रखा है:

  • ऑनलाइन दवा बिक्री पर पूर्ण रोक: ई-फार्मेसी के बढ़ते चलन पर तत्काल लगाम लगाई जाए।
  • कॉरपोरेट कंपनियों पर नियंत्रण: बड़ी कॉरपोरेट कंपनियों द्वारा दवाओं पर दी जा रही भारी और अनैतिक छूट को नियंत्रित किया जाए, जिससे स्थानीय छोटे व्यवसायी प्रभावित न हों।
  • नकली दवाओं पर सख्त एक्शन: बाजार में नकली दवाओं की आमद को रोकने के लिए प्रशासन सख्त से सख्त कार्रवाई करे।

“मांगें नहीं मानीं, तो आंदोलन होगा और तेज” 

​धार जिला अध्यक्ष डॉ. अशोक शास्त्री ने कड़े शब्दों में कहा कि ऑनलाइन दवाइयां बेचने वाली कंपनियां और कॉरपोरेट घराने पारंपरिक दवा व्यवसाय को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “यदि इन गंभीर मुद्दों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो केमिस्ट साथी अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे।”

नींद की गोलियों के दुरुपयोग पर जताई गहरी चिंता

​कलेक्टर से मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने समाज में बढ़ रहे नींद की दवाइयों (स्लीपिंग पिल्स) के दुरुपयोग और उनके नियमन को लेकर विस्तृत चर्चा की। डॉ. शास्त्री ने इस विषय को बेहद संवेदनशील और गंभीर बताते हुए कहा कि युवाओं को इसके नशे से बचाने के लिए उचित निगरानी और स्पष्ट सरकारी दिशा-निर्देश जारी होना बेहद जरूरी है।

प्रशासन ने दिया उचित कार्रवाई का भरोसा

​कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने केमिस्ट संघ के प्रतिनिधियों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि केमिस्टों की इन मांगों को उच्च स्तर (शासन स्तर) पर भेजा जाएगा और मौजूदा नियमों के दायरे में रहते हुए आवश्यक कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।

मरीजों को होने वाली असुविधा के लिए जताया खेद

केमिस्ट संघ ने हड़ताल के कारण मरीजों और उनके परिजनों को होने वाली संभावित असुविधाओं के लिए पहले ही खेद व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह हड़ताल वे शौक से नहीं, बल्कि अपने अधिकारों और देश के दवा व्यवसाय की सुरक्षा के लिए एक आवश्यक कदम के रूप में कर रहे हैं।

प्रतिनिधिमंडल में ये रहे मौजूद

​कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से दीपक शर्मा, विनीत खत्री, पंकज बोराना, राजेंद्र जायसवाल, निलेश जैन, अंकुर बांगर, राजेंद्र अग्रवाल, धर्मराज पाटीदार, शीतल पांडे, आशीष वैद्य, रवि पाटीदार, विशाल एरन सहित बड़ी संख्या में स्थानीय केमिस्ट साथी उपस्थित थे। जानकारी एसोसिएशन के पी.आर.ओ. नीलेश जैन ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *