डेहरी पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपी को दबोचा, कोर्ट में किया जाएगा पेश
धार। शादी समारोह में हथियारों के प्रदर्शन और ‘तमंचे पर डिस्को’ का शौक एक युवक को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर रील्स और वीडियो वायरल कर वाहवाही बटोरने के चक्कर में युवक सीधे पुलिस के रडार पर आ गया। धार पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वीडियो के आधार पर आरोपी को ट्रैक किया और घेराबंदी कर एक अवैध देसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
मामला चौकी डेहरी के अंतर्गत आने वाले ग्राम झंडदी का है। यहाँ आयोजित एक शादी समारोह के दौरान एक युवक हाथ में देसी पिस्टल लहराते हुए बेखौफ होकर डांस कर रहा था। किसी ने इस ‘तमंचे पर डिस्को’ का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जैसे ही यह वीडियो पुलिस महकमे तक पहुँचा, धार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल आरोपी के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई के निर्देश जारी किए।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, मनावर रोड पर धराया आरोपी
एसपी के निर्देशों के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर और एसडीओपी कुक्षी सुनील गुप्ता के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने साइबर और लोकल इनपुट के जरिए सबसे पहले वीडियो में दिख रहे संदेही की शिनाख्त की। मंगलवार (23 जून) को पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी इलाके में ही घूम रहा है। डेहरी पुलिस ने बिना वक्त गंवाए डेहरी-मनावर रोड पर सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान मोटरसाइकिल से जा रहे संदेही को पुलिस ने रोका। गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम सुमित पिता दिनेश चौहान, निवासी – खलघाट, जिला धार है।
तलाशी में मिली अवैध पिस्टल, आर्म्स एक्ट में केस दर्ज
जब पुलिस टीम ने संदेही सुमित की तलाशी ली, तो उसके पास से वही अवैध देसी पिस्टल बरामद हुई, जिसे लहराते हुए वह शादी में डांस कर रहा था। पुलिस ने पिस्टल और मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी को कुक्षी न्यायालय के समक्ष पेश करेगी।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस त्वरित और बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने में चौकी प्रभारी डेहरी उप निरीक्षक भूपेंद्र खरतिया, प्रधान आरक्षक सोहन, आरक्षक ओमप्रकाश, आरक्षक रवि और आरक्षक प्रीतम की विशेष और सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी से यह पूछताछ कर रही है कि वह यह अवैध हथियार कहाँ से और किस मकसद से खरीद कर लाया था।
Join my WhatsApp group. https://chat.whatsapp.com/
website : jansamacharmp.com
