5 मोटरसाइकिलें बरामद कर अलीराजपुर का शातिर वाहन चोर दबोचा
धार। जिला धार में लगातार हो रही वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बाग थाना पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 5 लाख रुपये मूल्य की 5 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोहों पर पुलिस ने कड़ा शिकंजा कसा है।
यह सफलता शनिवार, 4 जुलाई को थाना बाग और चौकी डेहरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान मिली। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कस्बा बाग में घेराबंदी कर अलीराजपुर जिले के जोबट थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़वा निवासी आरोपी लखन उर्फ नानकिया पिता दीतु बघेल को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
थाना प्रभारी निरीक्षक हिरुसिंह रावत के नेतृत्व में की गई पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर अलग-अलग क्षेत्रों से वाहन चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की 02 बजाज पल्सर, 02 हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस और 01 होंडा सीबी शाइन मोटरसाइकिल बरामद की हैं। आरोपी ने ये मोटरसाइकिलें बाग, डेहरी, मनावर, नौगांव और मंदसौर जिला क्षेत्रों से चुराई थीं।
इस महत्वपूर्ण सफलता में थाना प्रभारी हिरुसिंह रावत, चौकी प्रभारी भूपेन्द्र खरतिया सहित प्रधान आरक्षक रेलमसिंह, भावसिंह, आरक्षक राजू, प्रीतम, ओमप्रकाश और सैनिक अजय की सराहनीय भूमिका रही, जिसकी पुलिस अधीक्षक द्वारा सराहना की गई है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड को खंगालने के साथ-साथ मामले में अग्रिम विवेचना कर रही है, जिससे आने वाले दिनों में क्षेत्र में वाहन चोरी की अन्य वारदातों के खुलासे और सह-आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना बढ़ गई है।
