धार। शुक्रवार को कलेक्टर ने शहर के विभिन्न इलाकों का सघन दौरा कर विकास कार्यों और स्वच्छता व्यवस्था की जमीनी हकीकत देखी। अफसरों के साथ सड़कों पर उतरे कलेक्टर ने दो टूक लहजे में कहा कि सरकारी जमीनों का भविष्योन्मुखी उपयोग होना चाहिए, फाइलों को दबाकर न रखें। जहां प्रस्तावों की जरूरत है, उन्हें तुरंत भेजें।
कंजर्वेशन निर्माण के लिए ठोस कार्ययोजना के निर्देश
कलेक्टर ने नवीन लालबाग के सामने खाली पड़ी सरकारी जमीन का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिए कि इस कीमती जमीन पर ‘कंजर्वेशन’ निर्माण के लिए एक ठोस और प्रैक्टिकल कार्ययोजना तैयार करें। कलेक्टर ने अफसरों को नसीहत देते हुए कहा कि सिर्फ निर्माण खड़ा करना हमारा मकसद नहीं होना चाहिए, बल्कि प्रोजेक्ट ऐसा हो जिसका भविष्य में जनता को सीधा और अधिकतम फायदा मिले।
जर्जर सरकारी इमारतों पर चलेगा बुलडोजर, बनेंगे नए प्रोजेक्ट
दौरे के दौरान कलेक्टर ने शहर में सालों से जर्जर और खंडहर हो चुके शासकीय भवनों को लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे सभी खंडहरों को चिन्हित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि इन अनुपयोगी ढांचों को हटाकर वहां नए निर्माण का प्लान तैयार करें, ताकि सरकारी संपत्ति का सही इस्तेमाल हो सके। साथ ही उन्होंने बजट को ध्यान में रखते हुए ‘लो-कॉस्ट’ (कम लागत वाले) प्रोजेक्ट्स को प्राथमिकता देने की बात कही।
किला मैदान के पास गंदगी देख भड़के कलेक्टर
जब कलेक्टर का काफिला किला मैदान पहुंचा, तो वहां फैली गंदगी को देखकर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने नगर पालिका के अधिकारियों को सरेराह फटकार लगाते हुए डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन सिस्टम को और मजबूत करने के सख्त निर्देश दिए। वहीं, किला मैदान के सामने खाली पड़ी जमीन को लेकर उन्होंने कहा कि यहां प्रधानमंत्री आवास योजना या अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को शुरू करने की संभावनाएं तलाशी जाएं, ताकि गरीबों को छत मिल सके।
एसपीडीए मैदान का काम समय पर हो पूरा, क्वालिटी से समझौता नहीं
एसपीडीए मैदान के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खेल अधिकारी, सीएमओ और तहसीलदार को एक साथ लेकर चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। मैदान के बाहर बन रहे टॉयलेट्स के काम को देखते हुए उन्होंने साफ कहा कि निर्माण की क्वालिटी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मैदान के चारों तरफ आम जनता के आवागमन के लिए सुगम रास्ते बनाने और सभी अंडर-कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट्स को डेडलाइन के भीतर पूरा करने की समय-सीमा तय की।
कलेक्टर के इस ताबड़तोड़ दौरे और तल्ख तेवरों से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा हुआ है। दौरे के दौरान एसडीएम अंकिता प्रजापति, सीएमओ कुंवर विश्वनाथ सिंह सहित तमाम विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे। अब देखना होगा कि कलेक्टर के इन सख्त निर्देशों के बाद शहर की सूरत कितनी जल्दी बदलती है।

