रोगी कल्याण समिति की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश
धार। जिला चिकित्सालय की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और अस्पताल परिसर की आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने के लिए आज कलेक्ट्रेट सभागार में रोगी कल्याण समिति की एक महत्वपूर्ण कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मानसून और मरीजों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगी है।
बारिश से पहले वाटर प्रूफिंग और टिन शेड को मंजूरी
बैठक में आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए जिला चिकित्सालय की सुरक्षा के लिए बड़े निर्णय लिए गए। अस्पताल में भर्ती मरीजों और बेसकीमती चिकित्सा उपकरणों को सीलन और पानी से बचाने के लिए टिन शेड निर्माण और वाटर प्रूफिंग कार्य कराने की प्रशासनिक अनुमति दे दी गई है।
इसके साथ ही, नवजात शिशुओं के विशेष देखभाल वार्ड यानी एसएनसीयू समेत अस्पताल के अन्य संवेदनशील विभागों में जलभराव की स्थिति न बने, इसके लिए ड्रेनेज सिस्टम (जल निकासी) के तत्काल मरम्मत कार्यों को भी सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
पीएम कक्ष के प्रतीक्षालय का होगा कायाकल्प
मरीजों के परिजनों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए समिति ने पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर बने प्रतीक्षालय के जीर्णोद्धार का फैसला लिया है। अब इस प्रतीक्षालय की नए सिरे से मरम्मत और रंगाई-पुताई कराई जाएगी ताकि दूर-दराज से आने वाले लोगों को बैठने में असुविधा न हो।
बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े अन्य मुद्दों के साथ-साथ शस्त्र लाइसेंस से संबंधित उपभोक्ता शुल्क में वृद्धि के प्रस्ताव को भी हरी झंडी दे दी गई है।
समय-सीमा में काम पूरा करने के कड़े निर्देश
बैठक की शुरुआत पिछली कार्ययोजना के पालन प्रतिवेदन की विस्तृत समीक्षा के साथ हुई, जिसके बाद नए प्रस्तावों को पारित किया गया। कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि जितने भी निर्माण और मरम्मत कार्य स्वीकृत किए गए हैं, उन्हें तय समय-सीमा के भीतर और पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। काम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर के साथ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी, जिला जनसंपर्क अधिकारी, वरिष्ठ डॉक्टर्स, सहायक अस्पताल प्रबंधक और रोगी कल्याण समिति के नोडल अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
