Headlines

धार में मारपीट और फालिया से हमले के चार आरोपी गिरफ्तार

हमले में उपयोग हुआ फालिया भी किया जब्त

धार। पुरानी रंजिश और गाली-गलौज की बात को लेकर हुए विवाद में धार के इन्द्रा कॉलोनी में खूनी संघर्ष का मामला सामने आया था। आरोपियों ने फरियादी और उसके साथियों पर अचानक हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। हालांकि, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात में शामिल सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

यह घटना 14 जुलाई की है, जहाँ थाना कोतवाली क्षेत्र के इन्द्रा कॉलोनी में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते फरियादी और उसके दोस्तों के साथ मारपीट की। हमले के दौरान हाथ-घूंसे चलाने के साथ ही लोहे के फालिया से जानलेवा वार किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 385/2026 के तहत BNS की धारा 109(1), 296, 115(2), 351(2) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों में गोलू उर्फ अकरम (35 वर्ष, निवासी नगर की वाड़ी), दद्दू उर्फ तौफीक (34 वर्ष, निवासी भाजी बाजार), सलमान (27 वर्ष) और आवेश उर्फ अट्टा (21 वर्ष, दोनों निवासी इन्द्रा कॉलोनी, धार) शामिल हैं।

पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। इसके बाद मुख्य आरोपी गोलू उर्फ अकरम की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का फालिया विधिवत जप्त किया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली टीआई निरीक्षक ईश्वर सिंह चौहान, सउनि अनिल डावर, प्रधान आरक्षक अरविंद, अजय, प्रवीण ठाकुर, आरक्षक रामनरेश और महिला आरक्षक नम्रता की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस द्वारा सभी गिरफ्तार आरोपियों का चिकित्सीय परीक्षण कराकर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी भी जुटा रहा है, जिससे आगे की कानूनी शिकंजा और मजबूत किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *