धार पुलिस लाइन में गूंजा नशा मुक्ति का नारा, कल निकलेगी मैराथन
धार। खेल की ऊर्जा जब नशा मुक्ति के संकल्प से जुड़ती है, तो उत्साह दोगुना हो जाता है। कुछ ऐसा ही नजारा आज धार के पुलिस लाइन खेल परिसर में देखने को मिला, जहाँ मैदान पर खिलाड़ियों का पसीना भी बह रहा था और समाज को नशे के खिलाफ जागरूक करने का मजबूत संदेश भी दिया जा रहा था।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशों और पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के मार्गदर्शन में शनिवार, 25 जुलाई शनिवार को पुलिस लाइन खेल परिसर, धार में “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत वॉलीबॉल और रस्सा खींच प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और एक अनुशासित जीवनशैली के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ अश्विन चौधरी, जिला वन मंडलाधिकारी विजयानंथम टी.आर., अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारूल बेलापुरकर, नगर पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह गुर्जर, एसबीआई कश्यप भवन शाखा प्रबंधक संतोष कुमार सहित खेल विभाग और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता के परिणाम एवं मुख्य आकर्षण
1. वॉलीबॉल प्रतियोगिता
प्रतियोगिता में Ace Breaker, महाकाल क्लब, जिला पुलिस बल, 34वीं वाहिनी विसबल धार, पीजी कॉलेज, फॉरेस्ट, Turbo Spikers और Decent Sports जैसी कुल 8 टीमों ने भाग लिया।
-
विजेता : जिला पुलिस बल धार
-
उपविजेता : Turbo Spikers
-
मैन ऑफ द मैच : उप निरीक्षक राजेश चौहान (उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन हेतु)
2. रस्सा खींच प्रतियोगिता
टीम वर्क और सामूहिक ऊर्जा का प्रदर्शन करते हुए प्रतिभागियों ने इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
-
विजेता : 34वीं वाहिनी विसबल धार
-
उपविजेता : जिला पुलिस बल धार
विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखते हैं। आयोजन के अंत में सभी प्रतिभागियों को नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया और स्वल्पाहार कराया गया।
26 जुलाई को नशा मुक्ति मैराथन
“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अगले चरण में धार पुलिस द्वारा 26 जुलाई रविवार को प्रातः 7:00 बजे पुलिस लाइन, धार से “Say No To Drugs” नशा मुक्ति मैराथन का आयोजन किया जाएगा।
धार पुलिस ने 13 से 60 वर्ष की आयु वर्ग के सभी महिला एवं पुरुष नागरिकों से इस मैराथन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान देने की अपील की है। धार पुलिस का स्पष्ट संदेश है— “खेलेंगे भी, जागरूक भी करेंगे… नशा छोड़ें, जीवन जोड़ें।”
