पिस्टल, कारतूस और पिकअप के साथ 3 बदमाश गिरफ्तार, 5 फरार
धार। दसई क्षेत्र में सिलसिलेवार तरीके से विद्युत केबल उड़ाने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए अमझेरा पुलिस ने तीन बदमाशों को दबोच लिया है। आरोपियों के कब्जे से न केवल चोरी का भारी-भरकम एल्युमिनियम तार बरामद हुआ है, बल्कि एक देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस भी मिला है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी अमझेरा निरीक्षक राजू मकवाना और दसई चौकी प्रभारी दिनेश यादव के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। मुखबिर की सटीक सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बदनावर क्षेत्र के निवासी गोविंद (27), सोहन (22) और अंकित (23) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने फरार साथियों के साथ मिलकर पवन चक्कियों से एल्युमिनियम केबल काटकर पिकअप वाहन (MP11ZH2939) में भरते थे और आपस में बांट लेते थे। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल पिकअप वाहन, लगभग 1,00,000 रुपये कीमत का 250 किग्रा चोरी का तार और 15,000 रुपये की पिस्टल व कारतूस समेत कुल 6,60,000 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
कार्रवाई के दौरान बहादुर, गोतम, बंशी, बबलू और विपुल नामक पांच अन्य आरोपी अंधेरे और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी सरगर्मी से तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों से क्षेत्र में हुई अन्य संपत्ति संबंधी चोरियों के बारे में भी गहन पूछताछ की जा रही है। फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में सक्रिय अन्य केबल चोर गिरोहों और पवन चक्की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कई अन्य अहम खुलासे होने की संभावना है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी, दसई उनि दिनेश सिंह यादव, उप निरीक्षक प्रभात सिंह भूरिया, प्रधान आरक्षक भारती सिंह बामनिया, प्रधान आरक्षक अमित पाटीदार, आरक्षक प्रशांत, आरक्षक सुमित, सैनिक जितेंद्र सिंह सोलंकी तथा महेश सोलंकी की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।
