Headlines

धार : लूट और दुष्कर्म के मामलों में फरार 10 हजार के इनामी आरोपी व बाल अपचारी गिरफ्तार

साइबर सेल और मुखबिर की सूचना पर कानवन पुलिस को मिली बड़ी सफलता

धार। जिले के कानवन थाना पुलिस ने मुस्तैदी और सटीक मुखबिर तंत्र का परिचय देते हुए दो अलग-अलग गंभीर मामलों में महीनों से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपियों को धर दबोचा है। गिरफ्तार आरोपियों में लूट की वारदात में शामिल मनोज मोगिया और अपहरण व दुष्कर्म के मामले में वांछित एक बाल अपचारी (विधि से संघर्षरत बालक) शामिल हैं। बाल अपचारी पर चोरी, लूट और संपत्ति संबंधी अपराधों के आधा दर्जन से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

धार जिले के कानवन थाना क्षेत्र में पुलिस ने 5 अगस्त बुधवार को साइबर सेल और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पंचमुखी (थाना कानवन) निवासी 19 वर्षीय आरोपी मनोज मोगिया और एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लिया।

ड्राइवर से मारपीट कर लूटे थे सीमेंट पाइप

पहले मामले में 12 मई 2026 को ग्राम खिलैड़ी में बोलेरो पिकअप चालक के साथ मारपीट कर गाड़ी व सीमेंट के पाइप लूट लिए गए थे। इस मामले (अपराध क्रमांक 167/2026) में पुलिस दो आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी थी, जबकि मनोज मोगिया और बाल अपचारी फरार चल रहे थे। दोनों पर 5,000-5,000 रुपए का इनाम घोषित था।

नाबालिग को बहला फुसलाकर ले गया था

दूसरे मामले में 8 जून 2026 को कड़ोदकला की एक नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने के संबंध में दर्ज प्रकरण (अपराध क्रमांक 208/2026) में बालिका को 30 जून को सुरक्षित बरामद किया गया था। पीड़िता के कथनों के आधार पर इसी बाल अपचारी द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म करने की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद से वह फरार था।

एसडीओपी बदनावर अरविंद सिंह तोमर के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार बारिया के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने दोनों आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार बाल अपचारी पर पूर्व से भी विद्युत अधिनियम और बीएनएस की धाराओं के तहत चोरी व लूट के कुल 8 से अधिक आपराधिक मामले (जैसे अपराध क्र. 237/2025, 256/2025 आदि) दर्ज हैं।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक रविन्द्र कुमार बारिया, उप निरीक्षक अजय वर्मा, उप निरीक्षक सोहनसिंह कायत, प्रधान आरक्षक राजपाल सिंह, प्रधान आरक्षक महेश यादव, आरक्षक नवीन कुमार राठौड़, आरक्षक भगवतीलाल चौहान, आरक्षक दिलीप, आरक्षक विकास, आरक्षक नितिन, आरक्षक प्रताप, आरक्षक विक्रम तथा साइबर सेल धार की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से क्षेत्र में हुई अन्य संपत्ति संबंधी वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है। दोनों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा। कानवन पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक तत्वों पर अंकुश लगने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *