Headlines

मांगोद रोड पर लूट : बिना नंबर की बाइक से आए दो अज्ञात बदमाश, महिला के गले से एक तोले का मंगलसूत्र छीन भागे

घटना स्थल का दसई चाैकी पुलिस ने किया मौका मुआयना

धार। शाम की खामोशी के बीच जब एक महिला सड़क किनारे टहल रही थी, तभी चंद सेकंड में घटी एक वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। बिना नंबर की काली मोटरसाइकिल पर आए दो अज्ञात बदमाशों ने अचानक महिला के गले पर झपट्टा मारा और सोने का मंगलसूत्र तोड़कर हवा से बातें करते हुए रफूचक्कर हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि जब तक पीड़ित महिला कुछ समझ पाती, आरोपी नजरों से ओझल हो चुके थे।

मामला दसई ग्राम के मांगोद रोड स्थित काका व्यास के पेट्रोल पंप के पास (स्पीड ब्रेकर से थोड़ा आगे) का है। घटना बुधवार, 05 अगस्त की शाम करीब 7:40 बजे घटी। फरियादिया अपने घर के बाहर सड़क पर टहल रही थीं, तभी वहां पहले से बिना नंबर की काले रंग की हीरो होंडा मोटरसाइकिल लेकर खड़े दो अज्ञात युवकों में से एक उनके पीछे आया। बदमाश ने झपट्टा मारकर महिला के गले से लगभग एक तोले का सोने का मंगलसूत्र तोड़ा और अपने साथी की बाइक पर बैठकर दसई की तरफ भाग निकला।

घटना की तत्काल सूचना मिलने पर अमझेरा थाना पुलिस (दसई चौकी) मौके पर पहुंची। पुलिस ने 06 अगस्त बुधवार-गुरुवार दरमियानी रात 12:34 बजे अज्ञात दो आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि बिना नंबर की बाइक और बदमाशों का सुराग मिल सके।

बढ़ती वारदातों से स्थानीय लोगों में चिंता

मुख्य मार्ग और पेट्रोल पंप जैसे चहल-पहल वाले इलाके के पास हुई इस झपटमारी की घटना से स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस द्वारा गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद की जा रही है ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था कायम रखी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *