धार। पुलिस प्रशासन द्वारा अवैध जुए और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नौगांव थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जेतपुरा की इंदिरा कॉलोनी में सट्टा खिला रहे एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से नगदी समेत सट्टा लिखने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री जब्त की गई है।
यह घटना धार के थाना नौगांव क्षेत्र की है। 5 अगस्त बुधवार की दोपहर लगभग 2:50 बजे, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जेतपुरा स्थित इंदिरा कॉलोनी (जो थाने से दक्षिण-पूर्व दिशा में लगभग 4 किमी दूर है) में एक व्यक्ति पैसों से हार-जीत का सट्टा खिलाकर अवैध लाभ कमा रहा है।
सूचना को विश्वसनीय मानते हुए प्रधान आरक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम (आर. 246 अनिल, आर. 428 देवेन्द्र और महिला आर. 219 रजनी) मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही सट्टा लिख रहा व्यक्ति भागने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपी की पहचान साजिद पिता शेहजाद खान (उम्र 40 वर्ष), निवासी ग्राम जेतपुरा इंदिरा कॉलोनी, धार के रूप में हुई।
पंचों (जितेन्द्र मंडलोई और कुलदीप मंडलोई) के समक्ष ली गई तलाशी में आरोपी साजिद के पास से 5,140 रुपए की नगद राशि, 4 (क) सट्टा पर्चियां, एक कार्बन का टुकड़ा और एक लिड पेन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने ‘मिलन ओपन’ का सट्टा लिखना स्वीकार किया और सट्टा संचालन का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।
आरोपी का कृत्य धारा 4(क) सट्टा अधिनियम के तहत दंडनीय पाया गया। मामला जमानतीय होने के कारण आरोपी को धारा 35(3) बीएनएसएस के तहत सूचना पत्र तामील कराया गया एवं गिरफ्तारी न करने का नोटिस जारी किया गया। वापसी पर जब्त सामग्री और नगदी को एचसीएम के सुपुर्द कर शाम 4:02 बजे अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
क्षेत्र में अवैध सट्टेबाजी के नेटवर्क पर लगाम लगाने के लिए नौगांव पुलिस की यह कार्रवाई एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों और जुए-सट्टे से जुड़े अन्य नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए इस तरह के सर्च अभियान आगे भी जारी रहेंगे। मामले की विस्तृत जांच के आधार पर सट्टा सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन पर भी शिकंजा कसा जाएगा।
