धार। विकास योजनाओं की सामग्री पर अब चोरों की नजर पड़ गई है। जल जीवन मिशन के तहत चल रहे काम के दौरान सड़क किनारे रखे भारी-भरकम पाइपों को अज्ञात बदमाश चुराकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 2 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब रतलाम निवासी फरियादी मैंनेजर प्रसाद (46 वर्ष, निवासी गंगासागर कॉलोनी, थाना औद्योगिक रतलाम) ने कानवन थाने में शिकायत दर्ज कराई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोईन्दा-औसार रोड किनारे माही जल समूह प्रदाय योजना का कार्य चल रहा था। यहाँ परियोजना कार्य के लिए रखे करीब 600 एम.एम. व्यास (डी.आई.) के 70 पाइप रखे हुए थे। अज्ञात बदमाशों ने मौका पाकर इन सभी पाइपों पर हाथ साफ कर दिया। फरियादी की रिपोर्ट पर कानवन पुलिस ने 19 अगस्त बुधवार को दोपहर 3:17 बजे अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सड़क किनारे से इतनी बड़ी संख्या और भारी वजन वाले 70 पाइपों की चोरी होने से पाइपलाइन बिछाने के काम की गति पर सीधा असर पड़ेगा। योजना से जुड़े अधिकारियों और पुलिस के सामने अब मुख्य चुनौती अज्ञात गिरोह का सुराग लगाने और चोरी गए सामान को बरामद करने की है, ताकि पेयजल परियोजना का कार्य बिना किसी बड़ी देरी के पूरा किया जा सके।
