धार। शहर के जैतपुरा इलाके में रविवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। दिनदहाड़े हुई इस चाकूबाजी की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आरोपी की घेराबंदी शुरू कर दी।
यह घटना 23 अगस्त रविवार को दोपहर लगभग 3:40 बजे जैतपुरा स्थित शिवम होटल के सामने घटित हुई। जानकारी के अनुसार, पुराने विवाद के चलते अमझेरा थाना क्षेत्र निवासी शुभम रोमियो ने रामनगर निवासी 30 वर्षीय शुभम मारू (पिता प्रकाश मारू) पर अचानक चाकू से वार कर दिया। हमले में शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत जिला अस्पताल धार ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार प्राथमिक उपचार के बाद घायल की स्थिति अब खतरे से बाहर है।

आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस की दबिश
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। धार नगर पुलिस अधीक्षक शंशांक सिंह गुर्जर और नौगांव थाना प्रभारी रामलल्लन मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी की धरपकड़ के लिए कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी के नौगांव क्षेत्र अंतर्गत कैलाश नगर स्थित किराए के मकान सहित कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी है।
फिलहाल पुलिस संदेही आरोपी के पिता और अन्य परिजनों से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी और मामले में सख्त वैधानिक कदम उठाए जा रहे हैं ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनी रहे।
