Headlines

धार : पोस्ट मैट्रिक बालक-कन्या छात्रावासों में मेस सुविधा शुरू

सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया वर्चुअल शुभारंभ

धार। धार स्थित पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के पोस्ट मैट्रिक छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए गुरुवार का दिन एक बड़ी राहत लेकर आया। लंबे समय से महसूस की जा रही व्यवस्थित भोजन की जरूरत अब पूरी हो गई है, जिससे विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने में सीधी मदद मिलेगी।

​मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और विभागीय मंत्री कृष्णा गौर ने धार के स्थानीय पोस्ट मैट्रिक बालक एवं कन्या छात्रावास में मेस सुविधा का वर्चुअल माध्यम से विधिवत शुभारंभ किया।

​कार्यक्रम के दौरान धार छात्रावास परिसर में कलेक्टर राजीव रंजन मीना और जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा मौजूद रहे। दोनों वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारियों ने मेस का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। इस दौरान रसोई के आधुनिक उपकरणों, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, भोजन पकाने व वितरण की प्रक्रिया, स्वच्छ पेयजल और परिसर की स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने वहां मौजूद छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर मिलने वाली सुविधाओं पर चर्चा की और भोजन की गुणवत्ता को लेकर उनके सुझाव भी जाने।

​इस अवसर पर सहायक आयुक्त पारुल जैन सहित विभाग के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

​छात्रावासों में नियमित और गुणवत्तापूर्ण भोजन व्यवस्था शुरू होने से दूर-दराज के क्षेत्रों से आकर पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को बाहर के भोजन पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे उनके स्वास्थ्य और दैनिक दिनचर्या में सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *