25 मुकदमों वाला जिला बदर बदमाश ‘बिज्जू’ गिरफ्तार
धार। आगामी अनंत चतुर्दशी पर्व पर शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए धार पुलिस बदमाशों और असामाजिक तत्वों पर लगातार शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने जिला बदर आदेश की अवहेलना कर खुलेआम शहर में घूम रहे एक कुख्यात निगरानी बदमाश को धर दबोचा।
चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी
त्योहार के मद्देनजर गठित विशेष पुलिस टीम जब धार के डिस्ट्रलरी चौराहा क्षेत्र में निगरानी बदमाशों की जांच कर रही थी, तभी वहां बिज्जू उर्फ विजय (37 वर्ष), पिता राजू उर्फ राजकुमार मालवीय मौजूद पाया गया। जांच में सामने आया कि जिला दंडाधिकारी धार ने आदेश क्रमांक 0017/2026 (दिनांक 21.01.2026) के तहत आरोपी को जिला बदर घोषित कर जिले की सीमा से निष्कासित किया था। आरोपी द्वारा इस प्रशासनिक आदेश का सीधा उल्लंघन पाए जाने पर कोतवाली पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ मध्य प्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 14 के तहत अपराध क्रमांक 565/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक नरबदसिंह ठाकुर, सहायक उपनिरीक्षक नीलेश मालवीय, अनिल डावर, दौलतराम मालवीय, प्रधान आरक्षक अजय सिंह चौहान, अरविंद चौहान, नीलेश तथा आरक्षक रामनरेश की मुख्य भूमिका रही।
मारपीट, जुआ, सट्टा और चोरी के अपराध है दर्ज
गिरफ्तार आरोपी बिज्जू एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पूर्व में मारपीट, जुआ, सट्टा और चोरी जैसे गंभीर अपराधों के कुल 25 प्रकरण दर्ज हैं, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन हैं। त्योहार के संवेदनशील समय में आपराधिक पृष्ठभूमि वाले इस बदमाश की गिरफ्तारी से क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के बीच सख्त संदेश गया है, जिससे पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने में मदद मिलेगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार पर खलल डालने वाले किसी भी तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।
