Headlines

दसई में महिला से मंगलसूत्र झपटने वाले दो बाइक सवार बदमाश गिरफ्तार, लूटा गया सोना बरामद

करीब डेढ़ महीने पहले शाम को महिला के टहलने के दौरान हुई थी लूट

धार। रात के अंधेरे में सड़क पर टहल रही एक महिला को निशाना बनाकर तेजी से झपट्टा मारने वाले बाइक सवार लुटेरों के मंसूबों पर पुलिस ने पानी फेर दिया है। करीब डेढ़ महीने पहले दसई क्षेत्र में हुई सनसनीखेज लूट की गुत्थी सुलझाते हुए अमझेरा थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छीना गया सोने का मंगलसूत्र बरामद कर लिया है।

घटना 5 अगस्त की शाम करीब 7:40 बजे की है, जब नीम चौक दसई निवासी 45 वर्षीय सीमाबाई पति माधव पाटीदार खाना खाने के बाद रोज की तरह टहलने निकली थीं। मांगोद-दसई रोड स्थित काका व्यास पेट्रोल पंप के पास, स्पीड ब्रेकर से थोड़ा आगे पहुंचते ही बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने अचानक उनके गले पर झपट्टा मारा और करीब एक तोला वजनी सोने का मंगलसूत्र छीनकर दसई की ओर फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर अमझेरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 281/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारुल बेलापुरकर, एसडीओपी सरदारपुर विश्वदीपसिंह परिहार के मार्गदर्शन और अमझेरा थाना प्रभारी राजू मकवाना के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। लगातार मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पड़ताल कर रही पुलिस टीम को 24 सितंबर गुरुवार को ठोस सुराग मिला, जिसके आधार पर दबिश देकर आरोपी विकास (38) पिता कैलाश खराड़ी निवासी ग्राम अहमद (बोला) और कृष्णा (26) पिता जंगलसिंह मुनिया निवासी ग्राम बड़वेली को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी विकास से मंगलसूत्र का करीब 6 ग्राम वजनी सोने का पेंडल और कृष्णा से सोने के 14 मोती बरामद किए हैं।

इस सफल कार्रवाई में उनि. दिनेशसिंह यादव, प्रआर. मेहरबानसिंह गुर्जर, मन्नुसिंह भूरिया, अमित पाठक, भारतसिंह बामनिया, आरक्षक रमेश भौसले और साइबर सेल के आरक्षक प्रशांत व महेश सोलंकी की सराहनीय भूमिका रही, जिन्हें एसपी द्वारा पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।

पुलिस अब दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने क्षेत्र में राहगीरों और महिलाओं को निशाना बनाकर ऐसी कितनी अन्य वारदातों को अंजाम दिया है; इस पूछताछ से जिले में सक्रिय झपटमार गिरोहों और हाल ही में हुई चोरी-लूट की अन्य अनसुलझी घटनाओं के खुलासे की पूरी संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *