Headlines

बिजली सेवाओं के लिए सिंगल विंडो : मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने उच्चदाब उपभोक्ताओं के लिए शुरू किया नया पोर्टल

भोपाल। अब बिजली बिल के भुगतान से लेकर लोड बदलने तक, बड़े उपभोक्ताओं को अलग-अलग दफ्तरों या पेजों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। डिजिटल दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने अपने सभी उच्चदाब (एचटी) उपभोक्ताओं की जरूरतों को एक ही छत के नीचे समेट दिया है।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने अपने कार्यक्षेत्र के सभी उच्चदाब उपभोक्ताओं के लिए एक नया ‘एचटी कंज्यूमर सिंगल लॉगिन/सर्विस पोर्टल’ तैयार कर लाइव कर दिया है। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म का मुख्य उद्देश्य विभिन्न जटिल विद्युत प्रक्रियाओं को सुगम बनाकर उपभोक्ताओं को पारदर्शी और त्वरित समाधान उपलब्ध कराना है। अब उपभोक्ता अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर या लॉगिन आईडी और पासवर्ड के माध्यम से आसानी से तमाम सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।

एक ही डैशबोर्ड पर मिलेंगी ये प्रमुख सुविधाएँ:

  • भुगतान और रिकॉर्ड : ऑनलाइन बिल भुगतान, तत्काल रसीद, पिछले 12 महीनों के बिल, भुगतान का पूरा इतिहास और मीटर रीडिंग का ब्योरा डाउनलोड करने की सुविधा।

  • सर्टिफिकेट डाउनलोड : हरित ऊर्जा प्रमाण-पत्र और फॉर्म-16/टीडीएस प्रमाण-पत्र सीधे पोर्टल से प्राप्त किए जा सकेंगे।

  • प्रोफाइल और तकनीकी बदलाव : अतिरिक्त मोबाइल नंबर जोड़ना, ईमेल अपडेट करना, भार (लोड) परिवर्तन तथा नाम परिवर्तन के लिए ऑनलाइन आवेदन।

  • शिकायत निवारण : बिजली आपूर्ति और बिल संबंधी समस्याओं के लिए त्वरित ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की व्यवस्था।

पोर्टल पर पंजीकरण और लॉगिन की प्रक्रिया को बेहद सुरक्षित और सरल बनाया गया है। उपभोक्ता अपने एचटी कंज्यूमर नंबर या आईवीआरएस के जरिए पंजीकृत मोबाइल पर आए ओटीपी का सत्यापन कर लॉगिन कर सकते हैं। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए कंपनी ने चित्रों सहित एक विस्तृत यूजर एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) भी जारी की है, जिससे डैशबोर्ड के संचालन में कोई असुविधा न हो।

विद्युत वितरण प्रणाली में यह डिजिटल पहल भविष्य में बड़े औद्योगिक और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं के समय की बचत करेगी और मैन्युअल प्रक्रियाओं पर निर्भरता खत्म करेगी। कागजी दस्तावेजों से मुक्ति मिलने के साथ-साथ यह व्यवस्था प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ाएगी, जिससे उपभोक्ताओं और विद्युत कंपनी के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सकेगा। कंपनी ने सभी उच्चदाब उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस सिंगल लॉगिन सुविधा का अधिकतम उपयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *