Headlines

क्रिश मर्डर केस का 28 घंटे में खुलासा, चाय पीने बुलाया, फिर चाकुओं से गोद डाला

जिस दोस्त से क्रिश ने दिल की बात शेयर की, उसी ने बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग मुख्य आरोपी अनिकेत को भेज दी

इंदौर। शहर के द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में हुए चर्चित क्रिश श्रीवास्तव हत्याकांड का पुलिस ने महज 28 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। 4 जून की रात को अंजाम दी गई इस वारदात को बेहद सुनियोजित तरीके से प्लान किया गया था। पुलिस ने इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता और हमलावरों समेत कुल सात आरोपियों को दबोच लिया है। क्षेत्रीय डीसीपी के मुताबिक, इस पूरी खूनी कहानी के पीछे दोस्तों के बीच का विवाद, एक ऑडियो रिकॉर्डिंग और ‘फील्डिंग’ शब्द का सस्पेंस छिपा हुआ है।

10 दिन पुराना विवाद और ‘दोस्त’ की गद्दारी

पुलिस जांच और प्रेस वार्ता में सामने आया कि इस हत्या की पटकथा करीब 10 दिन पहले ही लिखी जा चुकी थी। 22-23 मई के आसपास मृतक क्रिश श्रीवास्तव और आरोपी अनिकेत पाल के बीच किसी बात को लेकर तीखी कहासुनी हुई थी। इस विवाद के बाद क्रिश ने अपने एक दोस्त आदर्श जोशी से अनिकेत के बारे में चर्चा की थी। लेकिन आदर्श, क्रिश के साथ-साथ आरोपी अनिकेत का भी दोस्त था। आदर्श ने दोस्ती में दगाबाजी करते हुए क्रिश के साथ हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग अनिकेत तक पहुंचा दी। इस रिकॉर्डिंग को सुनने के बाद अनिकेत और उसके साथी आगबबूला हो गए और उन्होंने क्रिश को रास्ते से हटाने का प्लान बना डाला।

‘फील्डिंग करना पड़ेगी’ शब्द पर गहराया सस्पेंस

डीसीपी जोन-4 सुनील मेहता ने बताया कि उस कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग में मृतक क्रिश श्रीवास्तव ने अनिकेत के लिए कहा था कि “अनिकेत की फील्डिंग करना पड़ेगी”। स्थानीय बोलचाल में इसका मतलब आगे चलकर मारपीट या घेराबंदी करने से था। “रिकॉर्डिंग में ‘अनिकेत की फील्डिंग करना पड़ेगी’ जैसी बात सामने आई है। अब आरोपियों से पूछताछ में यह और साफ होगा कि वे इस शब्द से क्या आशय निकाल रहे थे और उनके दिमाग में क्या चल रहा था।”

चाय पीने के बहाने बुलाया, उतार दिया मौत के घाट

4 जून की रात करीब 10:25 बजे, साजिश के तहत आदर्श जोशी ने क्रिश श्रीवास्तव को फोन किया और विदुर नगर स्थित घटनास्थल पर चाय पीने के बहाने बुलाया। क्रिश अपने दोस्त के बुलावे पर तय जगह पहुंच गया, लेकिन वहां आदर्श खुद नहीं आया। क्रिश के पहुंचते ही वहां पहले से घात लगाकर बैठे अनिकेत पाल और उसके अन्य साथी हथियारों के साथ टूट पड़े। आरोपियों ने क्रिश पर चाकुओं से ताबड़तोड़ कई वार किए। अत्यधिक खून बह जाने के कारण अस्पताल ले जाते समय क्रिश ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने जाल बिछाने वाले आदर्श जोशी को भी इस हत्याकांड में बराबर का आरोपी बनाया है।

सभी आरोपियों का है आपराधिक रिकॉर्ड

डीसीपी सुनील मेहता ने बताया कि पकड़े गए सभी सात आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इनके खिलाफ पहले भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है।

  • कड़ी कार्रवाई की तैयारी: पुलिस अब इन अपराधियों को ‘बाउंड ओवर’ (Bound Over) कराने के बाद ‘बाउंड डाउन’ कराने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर रही है।

  • फॉरेंसिक जांच: पुलिस का कहना है कि जिस कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग की वजह से विवाद बढ़ा, उसकी फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद ही उसे अदालत में अंतिम साक्ष्य के रूप में पेश किया जाएगा।

पुलिस मामले में अन्य पहलुओं की भी बारीकी से जांच कर रही है ताकि कोर्ट में आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *