सीएम डॉ. मोहन यादव ने ट्रांसफर की राशि
धार। प्रदेश के जरूरतमंद नागरिकों और बहनों के लिए मंगलवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल से ‘सिंगल क्लिक’ के जरिए एक साथ प्रदेशभर के लाखों हितग्राहियों के बैंक खातों में पेंशन और गैस सिलेंडर अनुदान की राशि सीधे ट्रांसफर की। इस डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) से धार जिले के हजारों परिवारों के चेहरों पर खुशी लौट आई है।
11 अगस्त को भोपाल से आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समग्र सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की राशि जारी की। प्रदेश के 35 लाख पेंशन हितग्राहियों को 211.53 करोड़ रुपये और उज्ज्वला योजना की 22 लाख लाड़ली बहनों को लगभग 99 करोड़ रुपये का अनुदान ट्रांसफर किया गया।
धार जिले के कुल 63,617 सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के खातों में 3,81,70,200 रुपये की राशि सफलतापूर्वक पहुंची। कलेक्ट्रेट के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में जिला कलेक्टर राजीव रंजन मीना और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर मीना ने वृद्धजनों और दिव्यांगजनों को पेंशन स्वीकृति प्रमाण-पत्र भी सौंपे।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन और उज्ज्वला योजना के तहत समय पर आर्थिक मदद मिलने से धार जिले के वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और निराश्रित नागरिकों को सीधा आर्थिक संबल मिला है। दैनिक जीवन की आवश्यकताओं और रसोई के बजट को सहारा देने वाली यह योजनाएं जिले के कमजोर वर्गों के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
