शहर के व्यस्तम मार्ग में खुलेआम गुंडागर्दी, पुलिस का ख़ौफ़ नहीं
धार। शहर के व्यस्ततम महात्मा गांधी मार्ग पर शनिवार शाम सरेराह गुंडागर्दी का नजारा देखने को मिला। यहाँ दो बदमाशों ने एक पत्रकार का रास्ता रोककर उन पर बेसबॉल के डंडे और लात-घूसों से हमला कर दिया। कोतवाली पुलिस ने मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।

शाम का समय, व्यस्त सड़क और अचानक हमला
फरियादी पत्रकार अमरदीप सोलंकी (47), निवासी महात्मा गांधी मार्ग ने पुलिस को बताया कि शनिवार शाम करीब 5:30 से 5:40 के बीच वे अपनी दुकान के सामने मौजूद थे। तभी नौगांव निवासी विजय वर्मा और लोकेश दबंग वहां पहुंचे। आरोपियों ने बिना किसी कारण के उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
डंडे से पीटा, घुटने में आई गंभीर चोट
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने पत्रकार का रास्ता रोक लिया। आरोपी लोकेश ने अपने पास रखे बेसबॉल के डंडे से पत्रकार अमरदीप सोलंकी पर हमला कर दिया, जिससे उनके सीधे पैर के घुटने में गंभीर चोट आई है। वहीं, दूसरे आरोपी विजय ने उन्हें थप्पड़-मुक्कों से बुरी तरह पीटा। मारपीट के बाद जाते-जाते आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी भी दे गए।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
कोतवाली पुलिस ने पत्रकार की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की 126(2), 296(a), 115(2), 351(2), 3(5) धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है।
क्रिमिनल रिकॉर्ड वाले हैं आरोपी
सूत्रों के मुताबिक, हमलावर लोकेश दबंग और विजय वर्मा आदतन अपराधी प्रवृत्ति के हैं। इनके खिलाफ पहले भी थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
